
कानपुर में डीजीपी हितेश चन्द्र अवस्थी चौबेपुर के बिकरु गांव पहुंचे हैं। वहां पर पड़ताल के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पर कायराना हमला हुआ है। अपराधियों को जल्द ही वहां पहुंच दिया जाएगा जहां उन्हेंं होना चाहिए। उन्होंने जवानों की शहादत पर शोक जताया है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस की टीम इस कायराना हरकत का बदला लेने को तत्पर है। सीएम योगी आदित्यनाथ भी यहां के ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ कानपुर करीब 3:30 बजे तक पहुंचेंगे।
शातिर बदमाश विकास दुबे को गुरुवार रात गिरफतार करने गई पुलिस की दबिश के दौरान बदमाशों के पुलिस टीम पर हावी होने को एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने पुलिस की चूक माना है। लखनऊ से कानपुर देहात पहुंचे प्रशांत कुमार ने कहा कि इस मामले में पुलिस की तरफ से चूक हुई। प्रशांत कुमार सीएम योगी आदित्यनाथ को अपनी रिपोर्ट देंगे।
प्रशांत कुमार ने कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होगी। अब एसटीएफ के साथ कई टीमें ल लगी हैं। हत्यारे विकास को खोजा जा रहा है। इसके लिए कानपुर शहर के साथ ही देहात तथा पास के जिलों में लगातार छापा मारा जा रहा है। विकास दुबे का एक साथी हिरासत में है। यहां पर तो सभी बॉर्डर सील करने के साथ हर वाहन की चेकिंग की जा रही है। घटनास्थल से चार किमी दूरी पर पुलिस ने दोबारा मुठभेड़ में दो बदमाशों को मार गिराया है और पुलिस से लूटी गई पिस्टल बरामद की है। वहीं काशीराम निवादा गांव के पास जंगल में तीन बदमाशों के छिपे होने पर मुठभेड़ जारी है।