indiaprime24.com

MP Election 2023: मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- कौन कहता है पितरों के दिन खराब होते हैं

नरेला से विधायक और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को पार्टी ने चौथी बार प्रत्याशी बनाया है. सारंग ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी से आशीर्वाद लेकर अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की.

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के एलान के साथ ही भाजपा प्रचार और प्रत्याशी के चयन को लेकर कांग्रेस से आगे हैं. भाजपा ने भोपाल में सात में छह प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. इसमें नरेला से विधायक और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को पार्टी ने चौथी बार प्रत्याशी बनाया है. सारंग ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी से आशीर्वाद लेकर अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की.

सवाल-आज आपने चुनाव प्रचार की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी का आशीर्वाद लेकर की.
सारंग – 
देखिए, यह हम सबका सौभाग्य है कि ऐसी महान हस्तियां, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में भाग लिया. स्वतंत्रता के आंदोलन में संघर्ष किया. ऐसी ही स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी रहीं भोपाल की चौक निवासी नारायणी देवी अग्रवाल ने आज आशीर्वाद दिया. निश्चित रूप से ऐसे बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलता है तो वह फलीभूत होता है.
सवाल- भाजपा ने 136 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए. फिर भी कांग्रेस निशाना साध रही है?
सारंग- 
कमलनाथ जी श्राद्ध पक्ष में पितरों का अपमान करते हैं और शिवराज जी का श्राद्ध होने वाला है, ऐसा ट्वीट करते हैं. ये क्या जानें पितरों का महत्व, ये क्या जानें हिंदू संस्कृति. ये क्या जानें सनातन की परंपरा. कांग्रेस घमंडिया गठबंधन की सदस्य हैं, जो सनातन का अपमान करती हैं. पितरों का आशीर्वाद किसी चीज से कम नहीं होता. ये हिंदू दर्शन नहीं जानते. कौन कहता है कि पितरों के दिन खराब होते हैं. पितृ तो साक्षात भगवान के रूप में रहते हैं.

सवाल- नरेला में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए. फिर भी आपको बाबाओं का सहारा लेना पड़ रहा है?
सारंग- 
देखिए, ये संतों का अपमान है. ये कांग्रेसी सनातन धर्म का विरोध कर रहे हैं. इससे यह स्थापित होता है कि कांग्रेस सनातन धर्म का विरोध कर रही है. यह सनातन धर्मों का अपमान है.

सवाल- राहुल गांधी कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार बनी तो जातिगत जनगणना कराएंगे?
सारंग – 
जाति और धर्म का झगड़ा कराना कांग्रेस की परंपरा है. वे विकास की बात नहीं कर सकते, क्योंकि उन्होंने विकास नहीं किया है. कल्याण पर वह बात नहीं कर सकते क्योंकि उन्होंने कल्याण किया नहीं है. इसलिए वे इसी तरह की बातें करेंगे.

सवाल- आप किन मुद्दों पर चुनाव में जाएंगे?
सारंग-
 हमारा मुद्दा विकास और जनता का कल्याण है. इसी मुद्दे को लेकर हम चुनाव में जाएंगे. इसी से डबल इंजन की सरकार फिर प्रदेश में बनेगी.

सवाल- आप कोई काम जो अपने कार्यकाल में नहीं कर पाए?
सारंग –
 देखिए, हमने सभी काम किए हैं. एक एक घर में नर्मदा का जल पहुंचाया. हजारों किमी की सड़क बनाई. हमने नाले नालियों का ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया. हमने फ्लाईओवर बनाए. हमने स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और संजीवनी क्लीनिक बनवाए. हमने बडे बडे थीम पार्क बनवाए और कम्युनिटी सेंटर बनवाए और इन सबसे बढ़ कर हमने नरेला विधानसभा को नरेला परिवार बनवाया. विकास के मामले में भाजपा रोल मॉडल है.

सवाल- भाजपा को प्रदेश में इस बार कितनी सीटें जीतने का अनुमान है?
सारंग- 
इस बार भाजपा के डेढ सौ पार सीटें जीतने वाली है.

Exit mobile version