indiaprime24.com

1 फरवरी को होगा भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव के लिए मतदान, 2224 मतदाता चुनेंगे नया नेतृत्व

1-फरवरी-को-होगा-भोपाल-चेंबर-ऑफ-कॉमर्स-चुनाव-के-लिए-मतदान,-2224-मतदाता-चुनेंगे-नया-नेतृत्व

1 फरवरी को होगा भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव के लिए मतदान, 2224 मतदाता चुनेंगे नया नेतृत्व

QR स्कैन से दिखेगी भोपाल चैंबर ऑफ काॅमर्स की वोटर लिस्ट 

विवेक झा, भोपाल। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के बहुप्रतीक्षित चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। चैंबर के चुनाव 1 फरवरी को होंगे, जबकि 2 फरवरी को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है—वोटर लिस्ट को QR कोड के माध्यम से मोबाइल पर देखा जा सकेगा

मंगलवार को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक इस सूची पर दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार आपत्तियों का निराकरण कर 5 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

चुनाव में महिला प्रतिनिधियों की भी हाेगी भागीदारी

चुनाव प्रक्रिया में इस बार महिला प्रतिनिधित्व को भी विशेष महत्व दिया गया है। चैंबर चुनाव में महिला उद्यमियों और व्यापार से जुड़ी महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मतदाता सूची में शामिल महिला सदस्यों को न केवल मतदान का अधिकार मिलेगा, बल्कि वे विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवार के रूप में भी मैदान में उतर सकेंगी। इससे चैंबर की कार्यप्रणाली में समावेशिता, संतुलन और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। माना जा रहा है कि महिला प्रतिनिधियों की मौजूदगी से व्यापारिक नीतियों और निर्णयों में नई दृष्टि और व्यावहारिक अनुभव जुड़ेगा, जो संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगा।

दो गुटों के बीच मुकाबले के आसार

चैंबर के कुल 2224 मतदाता अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। उल्लेखनीय है कि निवृत्तमान अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अक्टूबर में इस्तीफे के बाद आकाश गोयल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। ऐसे में इस बार भी चुनावी मैदान में दो गुटों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक समीकरणों में यह चर्चा भी है कि पूर्व अध्यक्ष पाली स्वयं मैदान में उतर सकते हैं या किसी उम्मीदवार को समर्थन दे सकते हैं।

ऑफिस में प्रक्रिया, मानस भवन में मतदान

चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी, पर्यवेक्षक डॉ. पी.सी. कोठारी और वैभव जैन ने बताया कि चुनाव से जुड़ी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं कोहेफिजा स्थित चैंबर कार्यालय में पूरी की जाएंगी, जबकि मतदान और मतगणना पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन में होगी।
मतदान 1 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, वहीं 2 फरवरी को सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होकर परिणाम आने तक जारी रहेगी।

भोपाल चैंबर का पूरा चुनावी कार्यक्रम

नए सदस्यों से बढ़ी संख्या, चैंबर ‘करोड़पति’

चैंबर प्रशासन के अनुसार, 4 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 171 नए सदस्य बनाए गए। वहीं, 209 सदस्यों ने गतिविधि शुल्क जमा कर अपनी सदस्यता सुरक्षित रखी।
नवीन सदस्यता शुल्क और गतिविधि शुल्क के रूप में 20 लाख 63 हजार 837 रुपये प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार मौजूदा प्रबंध समिति के चार वर्षीय कार्यकाल में चैंबर के पास कुल 1 करोड़ 9 लाख 91 हजार 509 रुपये की राशि उपलब्ध है।
कार्यकारी अध्यक्ष आकाश गोयल ने इसे संगठन की आर्थिक मजबूती और पारदर्शी प्रबंधन का परिणाम बताया।

डिजिटल सुविधा, मजबूत आर्थिक स्थिति और कड़े मुकाबले के संकेत—इन सबके बीच भोपाल चैंबर का यह चुनाव न सिर्फ व्यापारिक समुदाय, बल्कि शहर की आर्थिक दिशा के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version