indiaprime24.com

व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकार निभाने का संकल्प, चेंबर ऑफ कॉमर्स के शपथ ग्रहण में दिखी एकजुटता

व्यापारिक-हितों-के-साथ-सामाजिक-सरोकार-निभाने-का-संकल्प,-चेंबर-ऑफ-कॉमर्स-के-शपथ-ग्रहण-में-दिखी-एकजुटता

व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकार निभाने का संकल्प, चेंबर ऑफ कॉमर्स के शपथ ग्रहण में दिखी एकजुटता

भोपाल। राजधानी भोपाल की व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्था चेंबर ऑफ कॉमर्स के होली मिलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकारों को निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में शहर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में नए पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम की शुरुआत चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स भोपाल के व्यापारियों के लिए केवल एक संगठन नहीं बल्कि एक परिवार की तरह है, जहां सभी व्यापारी मिलकर एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
गोयल ने सभी व्यापारियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर शहर की परंपराओं और व्यापारिक संस्कृति को चिरस्थायी बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद आलोक शर्मा ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद तक पहुंचाने में व्यापारियों और जनता का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन जब हम किसी संस्था या संगठन से जुड़ते हैं तो वहां मनभेद और मतभेद के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारिक एकता और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स भोपाल की एक महत्वपूर्ण संस्था है, जो शहर के व्यापारिक हितों की आवाज को प्रभावी ढंग से सामने लाती रही है।

प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि होलिका दहन बुराइयों के अंत का प्रतीक है और इसी भावना के साथ सभी को आपसी मतभेद भुलाकर व्यापारियों के हित और समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भोपाल की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता पूरे प्रदेश में एक उदाहरण है, जिसे आगे भी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था में व्यापार और उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और इसमें व्यापारियों का बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि व्यापार और कृषि दोनों ही देश की उन्नति और समृद्धि के आधार हैं, इसलिए व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।

इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष तेज कुल सिंह पाली और पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष आकाश गोयल सहित अनेक व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल के साथ उपाध्यक्ष अरविंद सुपारी, कमल पंजवानी, आदित्य मन्या और प्रदीप अग्रवाल, महामंत्री ललित तातेड, मंत्री पद पर सुनील जैनाविन, संजीव गेहूं और अजय देवनानी, कोषाध्यक्ष प्रदीप सोनी, सह-कोषाध्यक्ष गोपाल सोनी तथा अतिरिक्त कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता मुन्ना ने अपने दायित्वों का शपथ ग्रहण किया।

इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में वात्सायन जैन, सोनू भाभा, अनिल मिश्रा, आयुष मोदी, मनोज साहू, अखिलेश मित्तल, दर्शन गर्ग, सुलभ मित्तल, सुनील पंजाबी, आदित्य सिंघई, सुशील बाफना, दिनेश बत्रा, अनुराग पवैया, नवीन अग्रवाल, सचिन जैन, स्मिथ जैन, राजेश गुप्ता, कमल भंडारी, अमित कुमार जैन, सीएस सचिन संगतानी, अनिल चुग, रामेश्वर अग्रवाल, विकास जैन गोधा, मनोज नागरानी और जवाहर कोटवानी सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के अंत में चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री ललित तातेड ने सभी अतिथियों और उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में व्यापारिक एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और शहर के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

Exit mobile version