कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को 2019 के सर्जिकल स्ट्राइक पर पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को सेना पर पूरा भरोसा है और इसके लिए किसी सबूत की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा,’दिग्विजय सिंह के बयान से सहमत नहीं, हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है अगर वह कुछ करती है तो सबूत देने की जरूरत नहीं है। मैं व्यक्तिगत रूप से उनसे असहमत हूं और यह पार्टी की आधिकारिक स्थिति भी है।’
कांग्रेस ने सर्जिकल स्ट्राइक सहित पुलवामा पर सिंह की टिप्पणियों से सोमवार को खुद को अलग कर लिया था और उनके बयान को व्यक्तिगत करार दिया था। कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं और कांग्रेस की स्थिति को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। 2014 से पहले यूपीए सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। कांग्रेस ने राष्ट्रीय हित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का समर्थन किया है और समर्थन करना जारी रखेगी।
दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान, केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि केन्द्र सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है लेकिन इसमें कितनों को मारा, इसका कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा था कि केन्द्र ने सर्जिकल स्ट्राइक का कोई सबूत नहीं दिया, हालांकि कई आतंकवादियों को मारने का दावा किया था।
भारत जोड़ो यात्रा के 130वें दिन प्रेसवार्ता कर राजनाथ सिंह के बयान पर राहुल गांधी ने कहा कि मुझे ये समझ नहीं आ रहा है कि जो पदयात्रा पूरे देश में लोगों को जोड़ने का काम कर रही है, वो किस तरह से देश के हितों को नुकसान पहुंचा सकती है। भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य देश को जोड़ने का है नफरत मिटाने का है। राहुल ने कहा, मेरा दिल नफरत से नहीं भरा.. मैंने अपनी पूरी यात्रा में एक बार भी किसी के खिलाफ नफरत भरा बयान नहीं दिया है। यहां तक की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े किसी भी व्यक्ति ने किसी पर हमला नहीं बोला है, किसी के खिलाफ अपशब्द नहीं कहा है।