अगर आप पुष्य नक्षत्र में कोई खरीदारी करने से चूक गए हैं तो अगले सात दिन में 14 बड़े शुभ योग बन रहे हैं। इनमें आप कोई भी सामान खरीद सकते हैं। नया बिजनेस या दुकान जैसी चीजें शुरू करना चाहते हैं, तो वो भी कर सकते हैं। 6 से 12 नवंबर यानी दीपावली तक हर दिन कोई ना कोई शुभ योग रहेगा।
इन सबमें सबसे शुभ मुहूर्त दीपावली के दो दिन पहले धनतेरस पर रहेगा। इस दिन 4 राजयोग और एक 1 शुभ योग बन रहा है, इस तरह 5 योगों का महासंयोग 10 नवंबर को रहेगा। धनतेरस पर वैसे भी सोना-चांदी और बर्तन खरीदने की परंपरा रही है। इस बार इन 5 योगों के कारण ये और भी खास हो जाएगी।
अब जानिए, कौन से शुभ योग बन रहे हैं
जो योग रहेंगे उनमें शुक्ल, ब्रह्म, इंद्र, स्थिर, प्रीति, आयुष्मान, सौभाग्य, दामिनी, उभयचरी, वरिष्ठ, सरल, शुभकर्तरी गजकेसरी और सर्वार्थसिद्धि योग शामिल हैं।
ज्योतिषियों के मुताबिक इन शुभ योग में की गई खरीदारी और शुरुआत लंबे वक्त तक फायदा देने वाली रहेगी। इन शुभ योग में किए कामों में सफलता की संभावना और बढ़ जाती है।
6 से 12 नवंबर तक किस दिन क्या खरीद सकते हैं…
6 नवंबर, सोमवार: शुक्ल और गजकेसरी योग
इस शुभ संयोग में मिठाइयां, मोती से बने ऑर्नामेंट, सुगंधित चीजें, एक्वेरियम या पानी से जुड़ी सजावटी चीजें और महिलाओं से जुड़े सामानों की खरीदारी की जा सकती है।
7 नवंबर, मंगलवार: ब्रह्म और शुभकर्तरी योग
इस दिन बन रहे शुभ योग में इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी करना शुभ रहेगा। प्रॉपर्टी में निवेश के लिए भी ये दिन खास रहेगा।
8 नवंबर, बुधवार: इंद्र, दामिनी और स्थिर योग
इस दिन बन रहे तीन शुभ योग में ज्वेलरी, कपड़े और स्टेशनरी खरीदना शुभ होगा। शेयर मार्केट में निवेश करने और बिजनेस बढ़ाने के लिए भी ये दिन खास रहेगा।
9 नवंबर, गुरुवार: शुभकर्तरी और उभयचरी योग
फर्नीचर, मशीनरी और व्हीकल खरीदारी के लिए ये दिन शुभ रहेगा, क्योंकि इस दिन दो राजयोग बन रहे हैं। इन शुभ योग के चलते नए कामों की शुरुआत के लिए भी दिन अच्छा रहेगा।
10 नवंबर, शुक्रवार: शुभकर्तरी, वरिष्ठ, सरल, सुमुख और अमृत योग
इस दिन धनतेरस होने से ज्वेलरी, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आइटम और हर तरह की खरीदारी की जा सकेगी। व्हीकल खरीदारी का विशेष मुहूर्त इस दिन बन रहा है। 5 शुभ योग बनने से नई शुरुआत के लिहाज से भी अहम दिन रहेगा।
11 नवंबर, शनिवार: प्रीति और सर्वार्थसिद्धि योग
इन शुभ योग में किया काम सफलता देने वाला माना गया है, इसलिए व्हीकल और मशीनरी खरीदारी या कारखाना शुरू करने के लिए दिन अच्छा है। इस दिन हर तरह की खरीदारी की जा सकती है।
12 नवंबर, रविवार: आयुष्मान और सौभाग्य योग
लक्ष्मी पर्व होने से इस दिन हर तरह की नई शुरुआत, खरीदारी, निवेश और लेनदेन करना बेहद शुभ रहेगा। इस दिन बन रहे शुभ योग में खासतौर से सोना-चांदी, ज्वेलरी और बर्तनों की खरीदारी कर सकते हैं।