रियाद। सऊदी अरब में अब महिलाएं पति या पुरुष परिजन की अनुमति के बिना अपना कारोबार शुरू कर सकेंगी। सऊदी सरकार ने नीति में इस बदलाव की घोषणा गुरुवार को की। यह फैसला दशकों से वहां चली आ रही सख्त अभिभावक प्रथा को बदलने की दिशा में बड़ा कदम है।
सऊदी वाणिज्य एवं निवेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि अभिभावक की मंजूरी का प्रमाण दिए बिना महिलाएं अब अपना कारोबार शुरू कर सकती हैं। वे सरकार की ई-सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं। अभी तक महिलाओं को किसी भी सरकारी काम, यात्रा या कक्षा में नामांकन के लिए पति, पिता या भाई से इजाजत लेनी होती थी।
लंबे समय से कच्चे तेल के राजस्व पर निर्भर सऊदी अरब में निजी क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसमें महिलाओं को रोजगार देना भी शामिल है। इसी महीने सऊदी लोक अभियोजक कार्यालय ने पहली बार महिला जांचकर्ताओं की बहाली शुरू करने को एलान किया।
सऊदी सरकार हवाई अड्डों और सीमा क्रासिंग पर 140 पदों पर महिलाओं की नियुक्ति करेगी। इसके लिए एक लाख सात हजार महिलाओं ने आवेदन किया। सऊदी अरब में हाल के महीनों में कर्मचारी के तौर पर महिलाओं की भूमिका बढ़ाने का अभियान चलाया गया है।