indiaprime24.com

Taj Mahotsav 2018: विवादों के चलते उद्घाटन करने नहीं पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ,10 दिन में 1800 कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

27 वें ताज महोत्सव का रविवार(18 फरवरी) को रंगारंज आगाज हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उद्घाटन के लिए आमंत्रण भेजा गया था, मगर वे नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि परंपरागत कार्यक्रमों से अलग हटकर इस बार पेश हो रहे कुछ कार्यक्रमों को लेकर विवाद होने के चलते उन्होंने दूरी बनाई। उनके स्थान पर स्थानीय सांसद और एससी-एसटी आयोग के चेयरमैन रमाशंकर कठेरिया ने फीता काटकर फेस्टिवल का उद्घाटन किया। 18 से 27 फरवरी के बीच 10 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के 1800 कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, वहीं 350 शिल्पी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस बार ताज महोत्सव का स्वरूप बदला नजर आया। पुरानी परिपाटी को छोड़कर पहले दिन मुख्य कार्यक्रम के रूप में नृत्य नाटिका श्रीराम की प्रस्तुति हुई। इसी वजह से विपक्षी दलों ने ताज महोत्सव के भगवाकरण का आरोप लगाया। माना जा रहा है कि इन्हीं वजहों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताज महोत्सव से दूरी बनाई।
ताज महोत्सव के चलते आगरा का शिल्पग्राम मिनी भारत में बदल गया है। देश भर के शिल्पी यहां जुटे हैं। ताज महोत्सव की पहली शाम कला पर केंद्रित रही।भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका में भगवान राम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक को श्रीराम भारतीय कला केंद्र की ओर से संगीतमय नृत्य नाटिका से दिखाया गया। ब्रज लोकगीतों व नृत्यों की प्रस्तुति के साथ मयूर नृत्य व फूलों की होली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे दस दिनों तक चलने वाले आगरा महोत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों की हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग, व्यंजन और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस बार आगरा महोत्सव ‘धरोहर’ थीम आयोजित हो रहा है। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न पहुंचने पर आगरा के कमिश्नर के राममोहन राव ने सफाई पेश की।

उन्होंने कहा कि ताज महोत्सव में पूरे 10 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री किसी भी दिन महोत्सव में आ सकते है। बता दें कि ताज महोत्सव की शुरुआत राज्य पर्यटन विभाग ने 1992 से की। मकसद रहा इससे पर्यटन, संस्कृति और कला को बढ़ावा मिले। महोत्सव में कव्वाली और मुशायरे भी होंगे।बृज और मुगल थीम पर फैशन शो का आयोजन भी किया जाएगा। 25 से 27 फरवरी तक बॉलीवुड कलाकार भी शिरकत करेंगे। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने प्रदेश के गवर्नर राम नाईक और CM योगी आदित्यनाथ को महोत्सव के उद्घाटन के लिए आमंत्रण लेटर भेजा गया था। तय प्रोग्राम के मुताबिक 20 फरवरी को बॉलीवुड नाइट, 21 फरवरी को कव्वाली गायक असलम साबरी,23 फरवरी को मुशायरा और 24 फरवरी को कवि सम्मेलन होगा।

Exit mobile version