indiaprime24.com

यूपी : विधानसभा में दोबारा पारित हुआ यूपीकोका बिल

बिना किसी संसोधन के यूपीकोका बिल मंगलवार को विधानसभा में दोबारा पारित हुआ। यूपीकोका एक बार विधानसभा के पास जाकर फिर विधान परिषद से कैंसिल होकर वापस विधानसभा में आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने यूपीकोका पर बोलते हुए कहा कि पिछले काफी दिनों से संगठित अपराध को रोकने के लिए एक कानून की आवश्यकता महसूस की जा रही है। हम एक बार फिर जनता की सुरक्षा के हित में यूपीकोका को लाये हैं।

यूपीकोका देश के किसी भी कानून से बेहतर कानून साबित होगा। यह कहना गलत कि इस यूपीकोका कानून का दुरुपयोग होगा, इसका दुरुपयोग ना हो इसकी व्यवस्था इसमें है। सदन के सामने यूपीकोका को महाराष्ट्र और कर्नाटक के कानून के हिसाब से तुलनात्मक रूप में भी पेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की सीमा खुली हुई है। उनकी सुरक्षा के लिए एक कानून की जरूरत है। आम जनमानस की सुरक्षा की गारंटी भी दे सके। जो प्रयास सरकार ने किए उसके परिणाम अच्छे आये हैं, ये महसूस किया जा रहा है। इसके बावजूद अपराध नियंत्रण के लिए कठोर कानून की ज़रूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए हैं। पहले पर्व और त्यौहार लोगों में भय पैदा करते थे कि पता नहीं क्या हो जाए। डायल 100 की जो गाड़ियां वसूली के लिए कुख्यात हो चुकी थीं, उनकी जवाबदेही तय की गई है। श्री योगी ने कहा कि हत्या, डकैती ही नहीं पूरे प्रदेश के अंदर रोड होल्ड अप व आगजनी जैसी घटनाओं में कमी आई है। पुलिस ने अपनी भूमिका का सही निर्वहन किया। सभी थानों में दो-दो और वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आधुनिकीकरण की और व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को बोलने के अधिकार है। जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि को जनता के लिए काम करने का अधिकार है लेकिन वो अपराधी का महिमा मंडन करेंगे तो वहां गड़बड़ हो जाती है। यूपीकोका आज की जरूरत है।

उन्होंने कहा, पुलिस को थ्री नॉट थ्री की जगह इंसास मुहैया कराई। एटीएस ने आतंकी संगठन से जुड़े आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कर बेहतरीन काम किया है। 706 कुख्यात अपराधी, 57 पुरस्कार घोषित अपराधी पकड़े और दुर्दांत अपराधी मारे गए। एसडीआरएफ को बना रहे है। इससे प्राकृतिक आपदा से बचने में प्रदेश सक्षम होगा। वहीं, शहीद जवानों की अनुग्रह राशि को 20 लाख से 40 लाख रुपया पुलिस में किया। यूपी पुलिस को बेहतरीन काम के लिए 1 साल में 4 अवार्ड प्राप्त हुए हैं। जवानों के लिए अन्य सुविधा बढ़ाने का काम हमने किया है। देश के टाप 10 थानों में 2 प्रदेश के थाने थे, जिसमें लखनऊ के गुडम्बा और मैनपुरी का एक थाना था।

यूपी के लिए काला दिन : सपा विधायक दल के नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आज काला दिवस है। आज सरकार ने यूपीकोका को पास कराया है। यह आम जनता के लिए, किसानों-गरीबों और पत्रकारों के लिए हानिकारक है। यह सरकार फेल हो चुकी है, निराश हो चुकी है। जनता से जो वादा किया था, एक भी पूरा नहीं कर पाई। विरोध को झेल नहीं पा रही है। इसलिए काले कानून के माध्यम से राजनीतिक विरोधियों को और जो सरकार के खिलाफ पत्रकार लिखते हैं, उन पर भी लगाम कसके गिरफ्त में लेने के लिए यह दुस्साहस कर रही है।

कांग्रेस के अजय कुमार लल्लू कहा कि सरकार ने यह काला कानून लाकर अंग्रेजी हुकूमत को याद दिलाने का काम किया है। यह काला कानून है। संविधान विरोधी है, लोकतंत्र विरोधी है। इसमें पत्रकारों तक को आजादी नहीं है। आज तक ऐसा कोई कानून नहीं था, इसमें पीड़ित की आवाज को दबा दिया जाएगा। कांग्रेस इस बिल का पुरजोर विरोध करेगी। सड़क से और सदन तक पुरजोर विरोध करेंगे।

बसपा के नेता लालजी वर्मा ने कहा कि इसे अपराधियों के नियंत्रण के लिए सरकार नहीं लाई है। निश्चित रूप से यह लोकतंत्र की हत्या के समान विधेयक है। लोकतंत्र को खत्म करने वाला विधेयक है। इस विधेयक का हम भारी और पुरजोर विरोध करते हैं।

Exit mobile version