नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम में इस साल चुनाव होने वाले हैं। सभी पार्टियां अपने-अपने तरीके से चुनावी चालें चलते हुए रणनीति बना रही हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी भी फिर से चुनावों में दम भरने को तैयार है। पार्टी के बड़े नेता लगातार जनसंपर्क बनाए हुए हैं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पत्रिका के संवाददाता के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की। इस खास इंटरव्यू में संजय सिंह ने कई राज खेले हैं। उन्होंने हाल ही में सीएम केजरीवाल के धरने की पीछे की असल कारण बताते हुए मोदी सरकार को घेरा।
‘हिंदुस्तान की राजनीति में आम आदमी पार्टी ने किया सफल प्रयोग’
आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक संजय सिंह ने दावा किया है कि हिंदुस्तान की राजनीति में आम आदमी पार्टी ने सफल प्रयोग किया है। हम राजनीति में नए थे, सियासत का कोई अनुभव नहीं था। हमारे खिलाफ षड़यंत्र रचे गए। लेकिन फिर भी हमने दिल्ली में शिक्षा, बिजली, पानी, चिकित्सा पर अनुकरणीय काम किया है। हमने दिल्ली की जनता के लिए काम करके दिखाया है जो एक सरकार को दिखाना चाहिए।
राजस्थान में भ्रष्टाचार रहेगा अहम मुद्दा : संजय सिंह
पत्रिका के साथ बात करते हुए संजय सिंह ने अपनी पार्टी के रणनीति के खुलासे पर कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ती आई है। राजस्थान में भी भ्रष्टाचार बड़ा मसला है। वहीं दूसरे मुद्दे के बारे में बताया कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार में तानाशाही और पुलिसिया अत्याचार दूसरा मुद्दा बन गया है। लॉ एंड ऑर्डर राजस्थान में पूरी तरह से फेल है। बता दें कि दीपक बाजपेयी को आम आदमी पार्टी का राजस्थान प्रभारी बनाया गया है।
शिवराज सरकार पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान पर संजय सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि एमपी – छत्तीसगढ़ में किसान परेशान हैं। इस चुनाव में किसानी मुद्दा रहेगा। उन्होंने सीएम शिवराज पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि मंदसौर में सीएम ने सात किसानों को गोलियों से भुनवाया दिया था। सीएम के दफ्तर से फोन गए इस तरीके के प्रमाण वहां पर मिले। उन्होंने कहा कि जमीन पर संघर्ष, जनता के मुद्दों को राजनीति के केंद्र में लाने का काम हमने मध्य प्रदेश में किया है। वहीं छत्तीसगढ़ के बारे में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसान, आदिवासियों के लिए आम आदमी पार्टी ने बहुत काम किया है। उम्मीद है कि चुनावों में हमारी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।
‘ CBI के छापों के जरिए हमें परेशान किया गया ‘
हाल ही में सीएम केजरीवाल के धरने पर बैठने के पीछे संजय सिंह ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार हमें काम नहीं करने देती है। सीबीआई के छापों के जरिए हमें परेशान किया जाता है। इसलिए दिल्ली की जनता की भलाई के लिए हमनें धरने पर बैठने का फैसला लिया। चार-चार मुख्यमंत्री हमारे समर्थन में आए। शिवसेना-जेडीयू ने भी हमें समर्थन किया।