चुनाव बाद अब कांग्रेस-भाजपा बूथ प्रभारियों से ले रहे हर वोट का हिसाब

भोपाल. कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह और पार्टी वोटों के हिसाब-किताब में जुटे हैं। बूथ प्रभारियों और पोलिंग एजेंट से पार्टी ने कहा है कि बूथवार रिपोर्ट बनाएं। कांग्रेस ने भोपाल के 2253 और सीहोर के 257 सहित 2510 बूथों की रिपोर्ट बनानी शुरू कर दी है।

सोमवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में 45 फीसदी से कम और 75 फीसदी से अधिक मतदान वाले बूथों की समीक्षा हुई। दिग्विजय के चुनाव एजेंट कैलाश मिश्रा का कहना है कि कांग्रेस के मजबूत वार्ड वाले बूथों पर अधिकतम मतदान का जोर दिया गया। कमजोर वार्डों में 60 फीसदी तक मतदान का लक्ष्य रखा गया था ताकि नए मतदाता कांग्रेस के पक्ष में आ सकें।

ऐसे बनाई थी रणनीति

कांग्रेस ने शहर में अपने पक्ष वाले 26 वार्डों में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान करवाने का लक्ष्य तय किया था। बैरसिया और सीहोर के ग्रामीण बूथ को मजबूत करने के लिए पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक जोधाराम गुर्जर, अवनीश भार्गव व अरुण श्रीवास्तव को तैनात किया था। हुजूर में नरेश ज्ञानचंदानी और जितेंद्र डागा को भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाने का जिम्मा दिया था। दिग्विजय सिंह ने संवेदनशील बूथों की सूची तैयार कर सभी का दौरा किया।

भाजपा: संगठन ने वरिष्ठ नेताओं को दिया जिम्मा

संसदीय सीट भोपाल-सीहोर के अब तक के इतिहास में हुई रेकॉर्ड वोटिंग के बाद राजनीतिक दलों ने एक-एक वोट का हिसाब-किताब शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से भोपाल प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा और संयोजक उमाशंकर गुप्ता शहर के 1900 बूथ प्रभारियों और पोलिंग बूथ एजेंटों की रिपोर्ट की समीक्षा कर रहे हैं।

संगठन ने मैदानी प्रबंधन के लिए सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी, विकास विरानी की टीम को जिम्मेदारी दी थी, जो संगठन को रिपोर्ट दे रहे हैं। संगठन के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक भोपाल शहर की छह विधानसभा सीटों के कुल 85 वार्डों में से कांग्रेस के पक्ष वाले 26 वार्डों में संघ और संगठन का प्रबंधन सटीक रहा।

संघ और संगठन ने मतदान से पहले ही 85 वार्डों में ताकत झोंकने से पहले मजबूत और कमजोर वार्डों का वर्गीकरण कर लिया था। इसी आधार पर रणनीति बनाकर चुनाव प्रचार किया गया था।

हमने पहले से कमजोर वार्डों की सूची बनाकर, इन पर फोकस करना शुरू कर दिया था। लोगों से अधिक से अधिक सहयोग मांगा था, जो हमें मिला है।
– विकास विरानी, जिलाध्यक्ष, भाजपा

  • Related Posts

    अमृत स्टेशन योजना के तहत विदिशा एवं साँची रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, बनेगें देश के आधुनिक स्टेशन

     विदिशा / साँची विदिशा एवं साँची रेलवे स्टेशनों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। ये दोनों स्टेशन “अमृत स्टेशन योजना” के तहत पुनर्विकास के अंतर्गत हैं, और इस निरीक्षण का उद्देश्य…

    प्रयागराज महाकुंभ में रेलवे ने दोगुनी संख्या में यात्री ट्रेनों का संचालन किया, जिससे श्रद्धालुओं सहायता मिली

    जबलपुर  प्रयागराज महाकुंभ के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) ने भारी यात्री दबाव के मध्य ट्रेनों को निर्धारित समय पर संचालित करने जोर दिया। इस समयबद्धता से रेलपथ पर अतिरिक्त…