
प्रियंका चोपड़ा अपने बॉलीवुड छोड़कर हॉलीवुड जाने वाले बयान को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। प्रियंका ने खुलासा किया था कि बॉलीवुड में गंदी राजनीति होती है, जिसका शिकार उन्हें होना पड़ा था। अब अभिनेत्री के खुलासे के बाद से कई सेलेब्स उनके समर्थन में आए हैं। एक तरफ कंगना रणौत ने सोशल मीडिया पर प्रियंका के बयानों का समर्थन किया। वहीं, अब उनकी चचेरी बहन मीरा चोपड़ा ने भी उनका समर्थन किया है।
दरअसल, मीरा चोपड़ा ने ट्वीट के जरिए अपनी कजिन प्रियंका के बयान का समर्थन किया। मीरा ने ट्वीट किया, ‘कोई बाहरी व्यक्ति कितना भी बड़ा या सफल क्यों ना हो जाए, लेकिन अंत में वह अभी भी बाहरी व्यक्ति होंगे। यदि आप उनके नियम पुस्तिका का पालन नहीं करते हैं तो उन्हें काटना, उनका गला घोटना कभी बंद नहीं होगा, लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने जो भी हासिल किया है, वह उनके मुंह पर करारा तमाचा है।
दरअसल, हाल ही में दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में अपना करियर छोड़ हॉलीवुड का रुख करने पर खुलकर बात की थी। उन्होंने खुलासा किया था कि बॉलीवुड में उन्हें मनचाहा काम नहीं मिला रहा था और वह लोगों की राजनीति से तंग आ गई थीं। उन्हें बॉलीवुड में एक कोने में धकेला जा रहा था। लोग उन्हें कास्ट नहीं कर रहे थे और उस समय उन्हें एक ब्रेक की जरूरत थी, जो उन्हें अमेरिका में मिला।
मीरा से पहले कंगना ने प्रियंका चोपड़ा के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। कंगना रणौत ने ट्वीट किया था, ‘प्रियंका चोपड़ा का कहना है कि लोगों ने उनके खिलाफ गैंग बना लिया था। उन्हें परेशान किया गया और फिल्म इंडस्ट्री से बाहर कर दिया गया, जिसके कारण उस सेल्फमेड महिला को भारत छोड़ना पड़ा। हर कोई जानता है कि करण जौहर ने उन्हें बैन कर दिया था।’
प्रियंका चोपड़ा ने साल 2015 में टीवी सीरीज क्वांटिको के साथ हॉलीवुड में अपनी जगह बनाई थी, जो एक बड़ी हिट सीरीज साबित हुई थी। इसके बाद वह म्यूजिक वीडियोज में नजर आईं। फिर, उन्होंने फिल्मों में अभिनय किया। वहीं, अब प्रियंका ‘लव अगेन’ और ‘सिटाडेल’ में नजर आने वाली हैं।