
लोकसभा चुनाव के लिए अब सभी दल पूरे जोर-शोर से तैयारियों में जुट गए हैं। जैसे-जैसे चुनाव का वक्त नजदीक आ रहा है, नेताओं के दौरे बढ़ रहे हैं। इस चुनावी गहमागहमी में कौन नेता किधर प्रचार कर रहा है और चुनाव की अन्य गतिविधिया क्या हो रही हैं। इस सबको हमने एक जगह लाने की कोशिश की है,जिसे ‘Election Tracker’ नाम दिया है। आइए जानते हैं आज दिनभर क्या कुछ होगा।
आंध्र प्रदेश के राजामुंदरी में पीएम मोदी ने कहा कि मुझे बताया गया है कि टीडीपी ने अब एक नया काम शुरू कर दिया है। ये काम साइबर-क्राइम से जुड़ा हुआ है। जिस सेवामित्र ऐप की वो बात करते हैं, वो सेवा नहीं कर रहा और न ही किसी का मित्र है। सच्चाई ये है कि ये लोगों से जुड़े डेटा की चोरी कर रहा है। आंध्र का हेरिटेज है, अपने वायदों का पक्का होना। यू-टर्न बाबू का हेरिटेज है विश्वासघात करना, आंध्र का हेरिटेज ईमान की है। यू-टर्न बाबू का हेरिटेज बेईमानी का है।
महाराष्ट्र के वर्धा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हिंदू समुदाय के लोगों को बदनाम करने की साजिश की है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश के करोड़ों लोगों पर हिन्दू आतंकवाद का दाग लगाने का काम किया है। हजारों साल का इतिहास है, हिन्दू कभी आतंकवाद करें, ऐसी एक भी घटना अभी तक नहीं हुई। अंग्रेज इतिहासकारों ने कभी भी इस बात का जिक्र नहीं किया कि हिन्दू कभी हिंसक हो सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना के जहीराबाद क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने रैली में मौजूद लोगों से कहा ‘क्या आपके मुख्यमंत्री ने कभी राफेल का मुद्दा उठाया। क्या उन्होंने कभी कहा कि चौकीदार चोर है। राहुल गांधी ने हमला करते हुए कहा कि तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (TRS) और उसके सांसद, लोकसभा चुनाव 2019 में नरेंद्र मोदी की मदद कर रहे हैं। उनकी लड़ाई मोदी और भाजपा से है। पूरा देश जानता है कि केवल कांग्रेस ही मोदी और भाजपा के खिलाफ लड़ रही है, टीआरएस नहीं।