सीएम बोले- पुरुषों से अच्छा काम करती हैं महिला जनप्रतिनिधि

भोपाल. प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिला जनप्रतिनिधि अच्छा काम कर रही हैं। इस बार चुनाव में महिलाआें को पिछले वर्षों से ज्यादा टिकट दिए जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सीएम हाउस में आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन में भाजपा महिला मोर्चा से कही।

उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव जिताने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा की है। सरकार ने तेंदूपत्ता महिला श्रमिकों को साड़ी, चप्पल और पानी की बॉटल दी है। महिला मोर्चा उनसे संपर्क करे। हर जिले में विजय संकल्प सम्मेलन आयोजित करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला श्रमिकों को तीसरी संतान होने पर भी प्रसूति योजना का लाभ देने पर विचार कर रही है। वहीं, मानसून सत्र में लाड़ली लक्ष्मी योजना के कानून का प्रस्ताव लाया जाएगा।

ये दिया दिया नारा
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने ‘मातृ शक्ति भरे हुंकार, चौथी बार शिवराज सरकार’ नारा दिया। रहाटकर ने कहा कि कांग्रेस के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए प्रदेश में अशांति फैलाना चाहती है। कार्यक्रम से पहले महिला मोर्चा ने लालघाटी से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक बाइक रैली भी निकाली।

अध्यक्ष को नहीं पता कितनी महिला सदस्य
सम्मेलन से पहले पत्रकार वार्ता में विजया ने दावा किया कि देश में भाजपा के जो ११ करोड़ सदस्य बने हैं, उसमें तीन करोड़ महिलाएं हैं। इस पर जब उनसे पूछा गया कि मध्यप्रदेश में कितनी महिला सदस्य हैं तो वे जवाब नहीं दे पाईं। उन्होंने महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लता एलकर से पूछा तो वे भी जवाब नहीं दे पाईं। पत्रकारवार्ता में रहाटकर ने दावा किया कि मोर्चा हर बूथ पर पांच महिला कार्यकर्ता तैनात करेगा।

15 दिन में अध्यक्ष नाम ना दे तो मुझे बताना
महिला मोर्चा संभागीय प्रभारियों की बैठक में विजया इस बात पर खासी नाराज हुई कि प्रदेश में कुछ जिलों और कई मंडलों में कार्यकारिणी ही गठित नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मैं आपको १५ दिन का टाइम दे रही हूं। खुद अपनी तरफ से नाम लिखकर मुझे भेज देना। उन्होंने साफ कहा कि पदाधिकारी मंडल स्तर तक प्रवास करें और उसकी रिपोर्ट मुझे भेजें।

  • Related Posts

    व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकार निभाने का संकल्प, चेंबर ऑफ कॉमर्स के शपथ ग्रहण में दिखी एकजुटता

    भोपाल। राजधानी भोपाल की व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्था चेंबर ऑफ कॉमर्स के होली मिलन एवं शपथ ग्रहण समारोह में व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सरोकारों को…

    घरेलू उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करें : अपर मुख्य सचिव शमी

    भोपाल  खाद्य नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत के निर्देश पर विभाग की अपर मुख्य सचिव  रश्मि अरुण शमी द्वारा पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रम एवं मध्य…