मप्र: रेप की बढ़ती घटनाओं पर बोले CM शिवराज, ‘दुष्कर्मियों को फांसी पर लटका देना चाहिए’

भोपाल: मध्य प्रदेश में मासूम बच्चियों के साथ हैवानियत की बढ़ती घटनाओं पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि हृदय विदारक घटनाओं को अंजाम देने वालों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाना चाहिए. इसके बिना उनमें खौफ पैदा नहीं होगा.

बिना खौफ नहीं कम होगा ये अपराध
शिवराज ने इंदौर, मंदसौर और सतना में मासूम बेटियों के साथ दुष्कर्म और ज्यादती की घटनाओं के संबंध में कहा कि ये घटनाएं हृदय विदारक हैं. अंदर तक झकझोर देती हैं, जो लोग ऐसा काम करते हैं वे राक्षस हैं, नरपिशाच हैं. ऐसे लोग धरती पर रहने लायक नहीं हैं. ऐसे व्यक्तियों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाना चाहिए. इसके बिना खौफ पैदा नहीं होगा.

फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अक्सर देखा गया है कि निचली अदालत में दरिंदों को फांसी की सजा हो जाती है. फिर ऊपरी अदालतों में मामला जाता है और प्रक्रिया लंबी हो जाती है. दुष्टों को फांसी देने में देर हो जाती है, इसीलिए ऐसे मामलों में जल्दी सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर अनुरोध गया है. उन्होंने कहा कि उच्च अदालतों में भी फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर त्वरित सुनवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसे नरपिशाचों को जल्द से जल्द फांसी हो सके.

दोषियों के लिए मांगेंगे फांसी की सजा
चौहान ने कहा कि वे अभियान चलाएंगे कि मासूम बेटियों से ज्यादती करने वाले दरिदों को किसी भी कीमत पर फांसी की सजा मिले. बलात्कारियों को जेल से कदापि नहीं छोड़ा जाना चाहिए. ऐसे लोग मानसिक रूप से विकृत हैं. वे दोबारा समाज में आकर फिर घिनौना काम करेंगे. इनका सही ठिकाना यह दुनिया नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे दरिंदगी का शिकार हुई बेटियों के स्वास्थ्य की चिंता है. उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना मेरी सरकार का परम कर्तव्य है.

  • Related Posts

    मंत्री विश्वास सारंग ने किया करोड़ों की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन

    भोपाल सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 78, विश्वकर्मा नगर में 23 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाली…

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल प्रदाय से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

    भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को पेयजल संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण और प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये हैं। इस क्रम में…