वेनेजुएला में सुलह के संकेत, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो वार्ता के लिए हुए तैयार

काराकस । राजनीतिक संकट से गुजर रहे दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को सियासी दलों के बीच सुलह के संकेत मिले। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि वह विपक्ष के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं। वह देश में जल्द संसदीय चुनाव कराने के पक्ष में भी हैं। मादुरो ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी हत्या करने का आदेश दे दिया है। दूसरी ओर, रूस ने एक बार फिर संकट सुलझाने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है। वहीं, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने स्वघोषित राष्ट्रपति जुआन गुएडो के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है।

रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी रिया नोवोस्ती को दिए साक्षात्कार में मादुरो ने कहा कि वेनेजुएला की भलाई के लिए वह विपक्ष के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द संसदीय चुनाव कराने के पक्ष में भी हैं, क्योंकि समस्याओं के राजनीतिक समाधान का यह सबसे बेहतर तरीका होगा। लेकिन उन्होंने समय से पहले राष्ट्रपति चुनाव कराने की संभावनाओं को खारिज कर दिया। अमेरिका का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि अगर कोई राष्ट्रपति चुनाव करवाना चाहता है तो उसे 2025 तक इंतजार करना होगा। मादुरो पिछले साल मई में राष्ट्रपति पद के लिए दोबारा चुने गए थे।

दूसरी ओर, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने गुएडो के देश से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अदालत का फैसला आने से कुछ समय पहले मुख्य अभियोजक तारेक विलियम साब ने एलान किया था कि वह गुएडो के सरकार विरोधी गतिविधियों की आपराधिक जांच शुरू करेंगे। उन्होंने अदालत से उनके बाहर जाने पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया था।

इससे पहले, नेशनल असेंबली के बाहर गुएडो ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत खतरे की आशंका थी। लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं है। वेनेजुएला में बदलाव होकर रहेगा, यहां के हालात को लेकर दुनिया चिंतित है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने बुधवार को मादुरो सरकार को चेताया कि गुएडो को किसी तरह का नुकसान पहुंचा तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।

इससे पहले, ट्रंप ने भी गुएडो को फोन कर उनके प्रति दोबारा समर्थन व्यक्त किया था। वहीं, गुएडो ने यूरोपीय संघ से मादुरो सरकार के खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाने की अपील की है। गुएडो के प्रतिनिधियों और अमेरिकी अधिकारियों के बीच अमेरिका स्थित वेनेजुएला की संपत्ति को अधिकार को लेकर भी बातचीत हुई है।

  • Related Posts

    अमेरिका का खेल खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र भी नहीं बचेगा’, एलन मस्क ने 2028 को लेकर क्यों दी चेतावनी?

    डेमोक्रेट्स के तीनों मोर्चों पर जीतने की स्थिति में राजनीतिक व्यवस्था बदलने का दावा अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले अरबपति कारोबारी और स्पेसएक्स के…

    मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सीएम मोहन यादव ने शुरू किया विकास अभियान

    बालाघाट के चार विकासखंडों में गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों से सुझाव लेकर तैयार होगी विकास की कार्ययोजना भोपाल। मध्य प्रदेश में नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आए क्षेत्रों को…