मंत्री गोविंद सिंह बोले-जब से IG आए हैं, अवैध रेत के 100 की जगह 300 ट्रक निकल रहे

भोपाल। अवैध उत्खनन को लेकर भिंड जिले में दो मंत्रियों ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय विधायक और मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने आईजी के आने के बाद 100 ट्रक रेत उत्खनन का आंकड़ा 300 तक पहुंच जाने का आरोप लगाया है और शिकायत के बाद भी उनके द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर मिलीभगत की आशंका जताई है। वहीं, भिंड एसपी रुडोल्फ अल्वारेज के खिलाफ जिले के प्रभारी मंत्री आरिफ अकील ने भी नाराजगी जाहिर की है। इसलिए वे करीब ढाई महीने से प्रभार के जिले में नहीं गए हैं।

भिंड जिले में अवैध रेत उत्खनन को लेकर मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने सार्वजनिक रूप से बयान दिया था। भोपाल लौटने पर डॉ. सिंह ने नईदुनिया से चर्चा में आईजी चंबल जोन डीपी गुप्ता का नाम लिए बिना कहा कि जब से आईजी पहुंचे हैं, तब से अवैध रूप से रेत उत्खनन में लगे ट्रकों की संख्या तीन गुना तक बढ़ गई है। इसको लेकर उनसे चर्चा भी की और रोकने को भी कहा था, लेकिन अवैध उत्खनन नहीं रुकने से लगता है कि कहीं न कहीं मिलीभगत है।

डॉ. सिंह इस बारे में कह चुके हैं कि वे सीएम से चर्चा करेंगे। वे क्षेत्र की जनता से माफी भी मांग चुके हैं। वहीं, चंबल जोन के आईजी डीपी गुप्ता का कहना है कि अवैध उत्खनन रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मंत्री महोदय के निर्देशन में कार्रवाई हो रही है। अभी तो बारिश का सीजन है। हमारी कार्रवाई लगातार जारी है।

अवैध उत्खनन में लगे ट्रकों की संख्या बढ़ी

जब से आईजी ने प्रभार संभाला है तब से जो 100 ट्रक रेत उत्खनन की जाती थी, वह अब 300 ट्रक पहुंच गई है। उनसे इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और अवैध रूप से उत्खनन जारी है।

– डॉ. गोविंद सिंह, लहार-भिंड के विधायक व मंत्री सहकारिता

एसपी देते हैं अवैध उत्खनन करने वालों को संरक्षण : अकील

इसी तरह भिंड के प्रभारी मंत्री आरिफ अकील भी अवैध रेत उत्खनन को लेकर पुलिस प्रशासन से नाराज हैं। सूत्र बताते हैं कि उनकी नाराजगी एसपी भिंड रुडोल्फ अल्वारेज के प्रति है। उनका कहना है कि एसपी अवैध उत्खनन करने वालों को संरक्षण देते हैं। मंत्री अकील से इस बारे में संपर्क किया गया तो उन्होंने चर्चा करने से इनकार कर दिया है।

  • Related Posts

    पन्ना में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सी.बी. अहिरवार निलंबित, रिश्वत पर बयान का वीडियो हुआ था वायरल

    कैमरे पर कहा था- खुशी-खुशी पैसे लेता हूं, सरकार ने भोपाल कार्यालय से किया संबद्ध पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सी.बी. अहिरवार…

    इंदौर में चलती कार बनी आग का गोला, युवक-युवती ने कूदकर बचाई जान

    तेजाजी नगर के गल्ला फांटे के पास हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चलती कार में अचानक आग लग…