सीहोर जिले में आष्टा स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित शिविर में दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान 379 दिव्यांगजनों को 770 सहायक उपकरण दिए गए। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
सीहोर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिव्यांगजन भी मन से मजबूत होते हैं। शरीर का कोई अंग कमजोर हो सकता है, लेकिन व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत होना चाहिए। उन्होंने दिव्यांगों से कहा कि आप अकेले नहीं हैं, आपका मामा आपके साथ है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों और गरीबों की सेवा ही ईश्वर की सेवा है। बता दें कि मुख्यमंत्री चौहान आष्टा में कॉलेज परिसर में दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरण के लिए आयोजित शिविर में आए हितग्राहियों और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्पवर्षा कर दिव्यांगजनों का स्वागत अभिनंदन किया। इस अवसर पर सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, जनपद अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान, नगर परिषद अध्यक्ष हेमकुंवर राय सिंह मेवाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 379 दिव्यांगजनों को 770 सहायक उपकरण वितरित किए गए…
आष्टा में आयोजित निशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 379 दिव्यांगजनों को 770 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 44 दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, 110 दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल, 68 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 52 दिव्यांगजनों को एल्बो क्रच, 279 दिव्यांगजनों को बैसाखी, 67 दिव्यांगजनों को वर्किंग स्टिक, चार दिव्यांगजनों को ब्लाइंड केन, आठ दिव्यांगजनों को रोलेटर, 12 दिव्यांगजनों को सेलफोन, 12 दिव्यांगजनों को एडीएल किट, दो दिव्यांगजनों को स्मार्टफोन, 20 दिव्यांगजनों को सीपी चेयर और 92 दिव्यांगजनों को डिजिटल श्रवण यंत्र का वितरण किया।
पुष्पवर्षा कर और फूल माला पहनाकर नगरवासियों ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत…
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आष्टा में लाडली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान के रोड शो के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर तथा फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री चौहान रोड-शो के दौरान बस स्टैण्ड रोड से परदेसी पुरा, बुधवारा, गंज चौराहा, कॉलोनी चौराहा से कन्नौद रोड होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। रोड शो के लिए रास्ते और घरों को फ़ूलों, स्वागत द्वारों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया।
नगरवासियों का किया अभिवादन…
मुख्यमंत्री चौहान के लगभग तीन किलोमीटर तक दो घंटे चले रोड-शो में बच्चों, महिलाओं और युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपने घरों से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने आतुर दिखे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी नगरवासियों का अभिवादन करते हुए नन्हीं-नन्हीं लाडली लक्ष्मी बेटियों को गोद में उठाकर दुलाकर किया। इस अवसर पर बेटियां भी अपने प्रिय मामा को अपने बीच पाकर खुश नजर आईं।
रोड-शो के दौरान लाडली बहनों ने 45 फीट लंबी राखी मुख्यमंत्री को भेंट की…
रोड शो के दौरान लाडली बहनों ने 45 फीट लंबी राखी बनाकर उसमें मुख्यमंत्री का चित्र अंकित कर मुख्यमंत्री चौहान को भेंट की। नगरवासियों और हितग्राहियों ने मंच पर लाइन में खड़े होकर तथा रोड शो में हाथों में तख्ती लेकर मुख्यमंत्री चौहान को जनहित में चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। रोड शो के दौरान नगर की अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों, शासकीय-अशासकीय संस्थानों, संघों तथा अनेकों प्रतिष्ठानों के साथ ही सभी वर्गों के नागरिकों, बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा युवाओं ने चौहान का स्वागत व अभिनंदन किया।
60 से अधिक मंचों से किया गया स्वागत…
आष्टा के नगरवासियों ने डीजे एवं ढोल-ताशों की गूंज के साथ मुख्यमंत्री चौहान के शहर आगमन पर आत्मीय स्वागत किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपने घरों की छत और बालकनी से पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया। रोड शो में जगह-जगह बनाए गए 60 से अधिक मंचों से नागरिकों ने फूल-माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रोड शो में बड़ी संख्या में नगरवासी तथा जनप्रतिनिधि हुए शामिल…
रोड शो में मुख्यमंत्री चौहान के साथ सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, जनपद अध्यक्ष दीक्षा सोनू गुणवान, नगर परिषद अध्यक्ष हेमकुंवर राय सिंह मेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवक-युवतियां और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।





