MP News: 481 गांवों में पानी पहुंचाने वाली परियोजना का हुआ भूमिपूज, सीएम शिवराज ने खोला सौगातों का पिटारा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को नरसिंहपुर के गाडरवारा में पहुंचे. यहां उन्होंने रोड शो किया और साढ़े चार हजार करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया. उन्होंने लाडली बहनाओं को मंच से संबोधित भी किया. गाडरवारा को कई सौगातें भी दीं. यहां 300 बिस्तरों का अस्पताल बनाया जाएगा. शासकीय हाई स्कूल का उन्नयन करने का काम किया जाएगा. यहां रोड बनाने की घोषणा भी की गई. 

सीएम शिवराज ने कहा कि आज कई बहनों ने मुझे राखी बांधी है. ये प्रेम के धागे हैं, ये विश्वास के धागे हैं, ये स्नेह और आत्मीयता के धागे हैं, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा. आज 4,434.02 करोड़ रुपये की लागत वाली शक्कर पेंच लिंक संयुक्त परियोजना का भूमिपूजन हुआ है. इससे नरसिंहपुर जिले के 197 गांव में, छिंदवाड़ा के 95 गांवों में तथा गाडरवारा के आसपास के 189 गांवों के खेतों में पानी पहुंचेगा. 

 

मैं सवा करोड़ बहनों का सौभाग्यशाली भैया हूँ 

सीएम ने कहा कि मेरे भाइयों और बहनों, मैं तो जनता की जिंदगी बदलने निकला हूं और जिंदगी को बदल के ही मानूंगा. मेरे मन में संकल्प पैदा हुआ कि बहन क्यों मजबूर हो, बहनों के पास इतना पैसा तो हो कि वह कुछ खरीद सके. बच्चे कहते हैं मामा-मामा तो बच्चों की मां मेरी बहन हुई, मेरे मन में विचार आया कि ऐसा कुछ किया जाए कि बहन आर्थिक रूप से सशक्त हो जाएं. मध्यप्रदेश मेरा मंदिर है, इसमें रहने वाली जनता भगवान है और इस जनता का पुजारी शिवराज सिंह चौहान है. एक दिन मैं रात में जागता रहा कि आखिर क्या करूं बहनों के लिए और फिर मैंने सोचा कि 1 हजार बहनों के खाते में डालेंगे, तो उनकी छोटी-मोटी समस्याएं हल हो जाएंगी. मेरी बहनों हर पात्र बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1 हजार रुपये प्रतिमाह देने का निर्णय लिया, ताकि हर बहन आर्थिक रूप से सशक्त हों. मैं सवा करोड़ बहनों का सौभाग्यशाली भैया हूं.

मध्यप्रदेश में बेटी को मजबूर नहीं होने दूंगा

सीएम ने कहा कि 25 जुलाई से मैं उन बहनों के भी फॉर्म भरवा रहा हूं जो 21 साल की हैं, साथ ही किसान परिवार की उन बहनों को भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिया जाएगा, जिनके पास ट्रैक्टर हैं. बहनों में 1 हजार रुपये को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह करूंगा. बहनों आपको मजबूर नहीं मजबूत बनना है. ये केवल पैसा नहीं है, पैसा सम्मान बढ़ाता है, ये रुपया नहीं है, ये मैंने बहनों का मान बढ़ाया है, आपका सम्मान बढ़ाया है, आपका आत्मसम्मान बढ़ाया है. मध्यप्रदेश में बेटी को मजबूर नहीं होने दूंगा, इसीलिए मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई. मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत बेटियों की शादी करवाऊंगा. बेटियों के बिना दुनिया नहीं चल सकती. अगर बेटी नहीं बचाओगे, तो बहू कहां से लाओगे. स्थानीय निकाय के चुनावों में हमने तय किया कि आधी सीटों पर केवल बहनें ही चुनाव लड़ेगी. हमने तय किया कि मकान, दुकान और खेत यदि मां, बहन और बेटी के नाम पर खरीदी जाती है तो उससे केवल 1 प्रतिशत रजिस्ट्री शुल्क लिया जाएगा.

कांग्रेस ने किया ही क्या है

शिवराज ने कहा कि मेरा काम सिर्फ पैसे बांटना नहीं है मेरा संकल्प है कि बहनों की आदमनी कम से कम ₹10 हजार प्रतिमाह करवाऊंगा. जो छोटे टोल टैक्स हैं वहां बहनें टोल टेक्स वसूलेंगी. मेरी लाड़ली बहनों, कांग्रेस ने कभी किसी के खाते में एक रुपये भी नहीं डाला और जब मैंने दे दिए, तो कह रहे हैं कि हम भी देंगे. मेरी बहनों कांग्रेस ने कभी ऐसी योजनाएं बनाई क्या ? इन्होंने 1 रुपए भी कभी तुम्हें दिए क्या? कांग्रेस ने बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय की बहनों को जो हम 1 हजार रुपये प्रतिमाह देते थे उस योजना को बंद कर दी थी. संबल योजना इन्होंने बंद कर दी थी. कांग्रेस और कमलनाथ ने बच्चों के लैपटॉप के पैसों डालने की योजना बंद कर दी थी. अब रेल से भी तीर्थ दर्शन होंगे और हवाई जहाज से भी तीर्थ दर्शन होंगे. 

 

मोदी जी भगवान का वरदान

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रियंका गांधी आज ग्वालियर आई और कह रही है 128 रुपए किसान की आमदनी है मेरी बहन यहाँ आकर झूठ क्यों बोल रही हो. आप कांग्रेस और प्रियंका गाँधी से पूछो की इन्होंने ने आपके लिए कोई योजना बनाई क्या?  ये 18% ब्याज पर किसान भाइयों को कर्जा देते थे, मैंने जीरो परसेंट ब्याज पर कर्जा देने का काम किया. आज विकास की योजनाओं पर काम हो रहा है. मोदी जी भगवान का वरदान हैं, जो दुनिया में देश का नाम और सम्मान बढ़ा रहे है. 

गाडरवारा को सौगातें

मध्यप्रदेश में हमने दारू के अहाते बंद करने का काम किया. मासूम बेटी की तरफ कोई गलत नियत से देखेगा तो उसे फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा. जो बच्चे 12वीं में टॉपर है उन्हें ई-स्कूटी देने वाला हूं. मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज की फीस मम्मी-पापा नहीं मामा भरवाएगा. मेरे बहनों और भाइयों आपका सुख मेरा सुख है और आपका दुःख मेरा दुःख है. आपकी जिन्दगी बदल दी तो मेरी जिन्दगी बदल जाएगी, मेरा जीवन सफल हो जाएगा, यही भाजपा का संकल्प है. आज गाडरवारा आया हूं यहां की जरूरत के मुताबिक 300 बिस्तरों का अस्पताल बनाया जाएगा. एक शासकीय हाई स्कूल का उन्नयन करने का काम किया जाएगा. यहां रोड बनाने की घोषणा करता हूं. आंगनवाड़ी सहायिका का मानदेय साढ़े 700 नहीं 1500 किया जाएगा. किसी को सड़क पर नहीं रहने दूंगा इसकी व्यवस्था मैं करूंगा. लेकिन एक बात और सुनना… यह मेरा संकल्प है केवल ₹1000 नहीं 1000 में तो छोटा-मोटा काम चल गया अब पैसे की व्यवस्था करने में लगा हूं. जैसे – जैसे पैसे की व्यवस्था हो जाएगी तो ₹1000 से बढ़ाकर साढ़े 1200 करूंगा और फिर अगले चरण में करूंगा 1500 रुपए और फिर 1500 से बढ़ाकर करूंगा साढ़े 1700 फिर साढ़े 1700 से बढ़ाकर करूंगा 2000 फिर 2000 से करूंगा साढ़े 2200 और फिर साढ़े 2200 से बढ़ाकर करूंगा 2500 फिर 2500 से बढ़ाकर करूंगा, साढ़े 2700 और बाद में ₹3000 करना है. 

 

किसान भाइयों, आज 4400 करोड़ रुपए से ज्यादा की हमारी शक्कर-पेंच लिंक संयुक्त परियोजनाएं, आज इसका भूमिपूजन हुआ है. 4434 करोड़ 2 लाख रुपया और इसके पहले चिंकी बोरास की सिंचाई परियोजना 5900 करोड़ रुपए की स्वीकृत की गई है. ये 6 और 4 मिलाकर सवा 10 हजार करोड़, इसी साल में आपके भाई ने और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने स्वीकृत किए हैं.

 

 

  • Related Posts

    मंत्री विश्वास सारंग ने किया करोड़ों की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन

    भोपाल सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 78, विश्वकर्मा नगर में 23 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाली…

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल प्रदाय से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

    भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को पेयजल संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण और प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये हैं। इस क्रम में…