कांग्रेस पर सिंधिया का वार: देश-प्रदेश को बदनाम करने की बना रखी है पाठशाला

गुना 
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने को लेकर कहा है कि कांग्रेस वह पाठशाला है, जहां देश और प्रदेश को बदनाम करना सिखाया जाता है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जिस पार्टी का सिर्फ एक सिद्धांत हो- झूठ बोलना, देश के विरुद्ध हमेशा टिप्पणी करना, देश के भीतर और बाहर, उससे यही उम्मीद की जाएगी। राज्य में कुशासन से सुशासन की सरकार बनी, उस सुशासन की सरकार को नीचे दिखाने का काम किया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी पर आरोप है कि उन्होंने प्रलोभन देकर मुंगावली के एक व्यक्ति से गलत बयान दिलाया है। इसका जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि एक व्यक्ति जो जिम्मेदार पद पर है, उसके द्वारा रिश्वत देकर बयान दिलाया गया। इससे घिनौनी हरकत हो नहीं सकती। उन्होंने यह करके उस पद और कुर्सी का भी अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में मूल्य और सिद्धांत होने चाहिए। मगर, किसी राजनीतिक दल का मुखिया इस तरह का काम करे तो क्या कहा जाएगा। वे अपने कार्यकर्ता के सामने यह उदाहरण पेश कर रहे हैं। उन्हें देश और प्रदेश के विकास की चिंता नहीं है, वे क्षेत्र, प्रदेश व देश को बदनाम करना चाहते हैं। वे देश के भीतर और बाहर देश को बदनाम करने में लगे हैं। यही कांग्रेस की पाठशाला है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटवारी के खिलाफ अशोकनगर के मुंगावली थाना क्षेत्र में प्रकरण दर्ज किया गया है। पटवारी पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति को प्रलोभन देकर समाज विरोधी बयान दिलाया था। जिस व्यक्ति ने मानव मल खिलाने का आरोप लगाया गया था, वही प्रशासन के पास शपथ पत्र लेकर पहुंचा और उसने कहा है कि उससे पटवारी ने यह बयान दिलाया है, उसके साथ ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई।

  • Related Posts

    MP OBC Reservation Case: सुप्रीम कोर्ट में सरकार की SLP में मिलीं 3 नई खामियां, कुल 13 कमियां बरकरार

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण का मामला लगातार उलझता जा रहा है। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल विशेष…

    मुरैना में NH-552 किनारे जली हुई हालत में मिला महिला का शव, हत्या कर जलाने की आशंका से मचा हड़कंप

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बागचीनी थाना क्षेत्र में NH-552 हाईवे…