राज्यपाल पटेल 20 अगस्त को मंडला में आयुष विभाग की कार्यशाला में होंगे शामिल, मंत्री परमार भी रहेंगे उपस्थित

भोपाल 

राज्यपाल मंगुभाई पटेल 20 अगस्त को मंडला जिले के सेमर खापा में आयुष विभाग द्वारा “परंपरागत चिकित्सा का स्वास्थ्य संवर्धन में योगदान एवं सिकल सेल एनीमिया प्रबंधन” विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल होंगे। कार्यशाला में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार भी शामिल होंगे।

कार्यशाला में जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह, पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल भी उपस्थित रहेंगे।

एकदिवसीय यह कार्यशाला मंडला जिले के सेमरखापा स्थित एकलव्य विद्यालय परिसर के ऑडिटोरियम में प्रातः10.30 बजे आयोजित होगी। प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से जनस्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने एवं क्षेत्र-विशिष्ट स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है।

कार्यशाला में मंडला एवं समीपवर्ती जिलों के जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया की व्यापकता एवं पारंपरिक वैद्यों की सक्रिय भूमिका को दृष्टिगत रखते हुए व्यापक विचार-विमर्श होगा। कार्यशाला में आयुर्वेदिक चिकित्सकों के अनुभव साझा किए जाएंगे एवं उनके ज्ञान का संवर्द्धन भी किया जाएगा।

 

  • Related Posts

    मध्य प्रदेश स्थापना दिवस: सीएम मोहन यादव ने शौर्य स्मारक में लगाया ‘संकल्प वृक्ष’, 15 जनवरी को भोपाल में मनेगा सेना दिवस

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के ऐतिहासिक शौर्य स्मारक परिसर में पहुंचकर ‘संकल्प वृक्ष’…

    मुरैना: 4.5 लाख रुपये के नशे के 2856 इंजेक्शन जब्त, आगरा से सप्लाई करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पुरानी…