नवदृष्टि संग नई उड़ान: भोपाल में आईसीएआई का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

विवेक झा, भोपाल।
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की भोपाल शाखा द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन “नवदृष्टि – एक्सप्लोरिंग न्यू होराइजन्स टुगेदर” का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने शिरकत की। इस अवसर पर सीए अभय छाजेड़ (केंद्रीय परिषद सदस्य एवं कार्यक्रम निदेशक), सीए अर्पित काबरा (केंद्रीय परिषद सदस्य एवं वक्ता), सीए अर्पित राय (अध्यक्ष, भोपाल शाखा) और सीए अभिषेक जैन (सचिव, भोपाल शाखा) समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय परिषद सदस्य और विशिष्ट चार्टर्ड अकाउंटेंट्स मौजूद रहे।

मंत्री ने सराहा सीए की भूमिका

अपने संबोधन में श्री सारंग ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में आईसीएआई की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने वित्तीय पारदर्शिता, सुशासन और विशेषकर एमएसएमई क्षेत्र में डिजिटल एवं वित्तीय आश्वासन को मजबूत करने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सक्रिय भागीदारी पर प्रकाश डाला।

पहले दिन हुए तीन तकनीकी सत्र

सम्मेलन के पहले दिन तीन अहम तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने कर, जीएसटी और डिजिटल आश्वासन से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर गहन चर्चा की—

  1. आयकर कानून में हाल के न्यायिक निर्णय – सुप्रसिद्ध कर विशेषज्ञ सीए कपिल गोयल ने विस्तृत प्रस्तुति दी।

  2. एमएसएमई के लिए डिजिटल एश्योरेंस – केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अर्पित काबरा ने तकनीक और आश्वासन की जरूरत पर बल दिया।

  3. जीएसटीएटी में अपील: मुद्दे एवं चुनौतियाँ – वरिष्ठ विशेषज्ञ सीए अशोक बत्रा ने जीएसटी मुकदमेबाजी की जटिलताओं पर प्रकाश डाला।

इन सत्रों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक चुनौतियों, नवीनतम कानूनी दृष्टिकोण और भविष्य की संभावनाओं की गहरी समझ प्रदान की।

दूसरे दिन होगा निजी ट्रस्ट व उत्तराधिकार पर विमर्श

सम्मेलन का दूसरा दिन भी समान रूप से महत्वपूर्ण रहेगा। इसमें सीए गिरीश आहूजा सहित कई विशेषज्ञ “प्राइवेट ट्रस्ट एवं टैक्सेशन” और “उत्तराधिकार नियोजन” जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।

ज्ञान और कौशल से सशक्त करने का उद्देश्य

यह दो दिवसीय सम्मेलन सीए सदस्यों को ज्ञान, दूरदृष्टि और व्यावहारिक कौशल से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, ताकि वे पेशे में बदलती चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकें।

  • Related Posts

    शिवराज के संसदीय क्षेत्र में आदिवासियों के आशियानों पर सरकार का बुलडोजर..केंद्रीय मंत्री बोले गलत हुआ

    कोसमी में गरीबों के आशियाने उजड़े तो व्यथित हुए शिवराज..प्रशासन पर बरसे, मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी विदिशा संसदीय क्षेत्र में आदिवासी परिवारों को बेघर करने की कार्रवाई…

    शिक्षा से युवाओं के रोजगार तक,विकास को नई रफ्तार देगा मप्र

    —नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण,8.19 लाख विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ अंतरित —35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों को 213.41 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा…