अब घर बैठे बनेगा पेंशनरों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, EPFO ने शुरू की डोरस्टेप सुविधा

विवेक झा, भोपाल। ईपीएस पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अब डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) की सुविधा शुरू कर दी है। यह सेवा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के सहयोग से शुरू की गई है और 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी हो चुकी है। इसके बाद अब पेंशनरों को वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक, डाकघर या ईपीएफओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

नई व्यवस्था के तहत डाक सेवक/पोस्टमैन स्वयं पेंशनधारक के घर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) या बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करेगा। यह पहल खासतौर पर वृद्ध, बीमार, दिव्यांग और असहाय पेंशनधारकों के लिए बेहद उपयोगी बताई जा रही है।

सेवा पूरी तरह निःशुल्क, किसी भी राशि का भुगतान न करें

EPFO ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं होगा। विभाग ने पेंशनरों को सतर्क करते हुए कहा है कि इस सुविधा के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करे, तो उसे किसी भी स्थिति में भुगतान न किया जाए।

डोरस्टेप DLC सुविधा की मुख्य विशेषताएं

EPFO के अनुसार इस सेवा से पेंशनरों को कई बड़े लाभ मिलेंगे—

  • पेंशनधारक को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा

  • सेवा पूर्णतः निःशुल्क

  • फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) जैसी सुरक्षित प्रणाली

  • पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा नहीं

  • वृद्ध, दिव्यांग और बीमार पेंशनरों के लिए विशेष राहत

सेवा का लाभ कैसे लें?

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पेंशनधारक IPPB कस्टमर केयर पर कॉल कर डोरस्टेप सेवा का अनुरोध कर सकते हैं। अनुरोध मिलने पर संबंधित क्षेत्र का डाक सेवक/पोस्टमैन पेंशनधारक के घर जाकर विवरण सत्यापित करेगा और वहीं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट कर देगा।

IPPB कस्टमर केयर नंबर: 033-22029000

फेस ऑथेंटिकेशन से खुद भी बनाना सीख सकेंगे DLC

EPFO ने जानकारी दी कि भविष्य में डाक सेवक/पोस्टमैन पेंशनरों को फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए स्वयं DLC जनरेट करने के लिए मार्गदर्शन भी देगा, जिससे सेवा और आसान हो जाएगी।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने किया पेंशनरों से आग्रह

मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ अंचल के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शलभ दुबे ने सभी ईपीएफ पेंशनरों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन पेंशनधारकों के लिए कारगर है, जो शारीरिक रूप से कमजोर हैं या कार्यालय जाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि EPFO अपने सदस्यों और पेंशनरों के लिए सेवा सुविधाओं के विस्तार और मजबूती की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है और यह सुविधा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिकायत की स्थिति में कहां संपर्क करें?

यदि किसी पेंशनधारक को सेवा में परेशानी या किसी प्रकार की शिकायत हो, तो वे EPFO अथवा IPPB की शिकायत निवारण प्रणाली का उपयोग कर सकते हैं।

  • Related Posts

    इंदौर में भाजपा पार्षद के घर में घुसकर पति पर हमला, जमकर तोड़फोड़; दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

    पार्षद पति सुमित तलरेजा से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज इंदौर में भाजपा पार्षद के घर में घुसकर उनके…

    राहुल गांधी पर CM मोहन यादव का तीखा हमला, बोले- ‘ऐसा लगता है पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं’

    इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा के दौरान कांग्रेस पर साधा निशाना इंदौर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव…