सीएम मोहन यादव के दौरे से पहले मुरैना में सियासी घमासान, कांग्रेस के दोनों जिला अध्यक्ष नजरबंद

कानून व्यवस्था और खाद की कालाबाजारी के विरोध में घेराव का ऐलान, मधुराज तोमर ने कार्यकर्ताओं से मुरैना पहुंचने की अपील की

मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुरैना दौरे से पहले कांग्रेस के दोनों जिला अध्यक्षों को उनके आवास पर नजरबंद किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर और शहर जिला अध्यक्ष गजेंद्र जाटव के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

सुबह 10 बजे आवास पर पहुंची पुलिस

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कोतवाली पुलिस न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंची और ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर को नजरबंद कर दिया। वहीं, शहर जिला अध्यक्ष गजेंद्र जाटव को सिंघल बस्ती स्थित उनके निवास पर नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

कानून व्यवस्था और खाद की कालाबाजारी को लेकर विरोध

दरअसल, शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के घेराव का ऐलान किया था। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच दोनों जिला अध्यक्षों को नजरबंद किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

मधुराज तोमर की कार्यकर्ताओं से मुरैना पहुंचने की अपील

नजरबंदी के बीच ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुराज तोमर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मुरैना पहुंचने और मुख्यमंत्री का घेराव करने की अपील की है। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की घोषणा और दोनों जिला अध्यक्षों की नजरबंदी ने जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस का प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन किस रूप में सामने आता है।

  • Related Posts

    एक हजार महिलाओं ने बनाई चीता मुखी की प्रतिकृति,दीपावली से पहले चंबल में औद्योगिक सम्मेलन

    —श्योपुर में ह्यूमन रंगोली के जरिए वन्यजीव संरक्षण का संदेश, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की सराहना प्रोजेक्ट चीता के चार वर्ष पूरे होने पर श्योपुर में एक हजार से अधिक…

    जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी -CM

    -मुरैना में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में सीएम ने दिए निर्देश -शिकायतों का प्रारंभिक स्तर पर समाधान करने पर जोर -अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 2 लाख और…

    Leave a Reply