मुरैना के देवगढ़ थाना क्षेत्र के खुलावली गांव में देर रात मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मगरमच्छ की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने मगरमच्छ को काबू में कर लिया।
रात 12:30 बजे मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, खुलावली गांव में साला चौकी के पास देर रात मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बिना देर किए फोन के जरिए वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर टीम रात करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।
रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को किया काबू
मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने मगरमच्छ को रस्सियों की मदद से बांधकर काबू में किया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से चंबल नदी में राजघाट पुल के पास पानी में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
गांव में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों के बीच भय का माहौल था। वन विभाग की टीम द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किए जाने और मगरमच्छ को चंबल नदी में छोड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।




