इंदौर में दशहरे की तैयारियों के बीच रावण के पुतलों का बाजार गुलजार हो गया है। शहर में रावण बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इस बार एक व्यापारी के पास 100 से अधिक पुतलों के ऑर्डर हैं। हर साल यहां करीब 120 से 250 तक रावण के पुतले तैयार किए जाते हैं।
एक महीने पहले से शुरू हो जाता है निर्माण
दशहरे से करीब एक महीने पहले ही रावण के पुतले बनाने का काम शुरू हो जाता है। इस बार कच्चे माल की कीमतों में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। महंगाई का असर रावण के पुतलों की कीमतों पर भी पड़ा है।
3500 से 31 हजार रुपये तक है कीमत
इंदौर के बाजार में पांच फीट से लेकर बड़े आकार तक के रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। मुकुट सहित पूरे पुतले की कीमत 3500 रुपये से शुरू होकर 31 हजार रुपये तक पहुंच रही है। व्यापारी की ओर से पुतले का ढांचा, घास और अच्छी गुणवत्ता का कपड़ा उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, आतिशबाजी ग्राहक की मांग के अनुसार लगाई जाती है।
कई लोगों के लिए रोजगार का जरिया बना कारोबार
रावण के पुतले बनाने का काम अब इंदौर में कई लोगों की आजीविका का साधन बन चुका है। पहले पूरे शहर में एक ही स्थान पर रावण बनाने का काम होता था, लेकिन अब यह कारोबार अलग-अलग इलाकों तक फैल गया है। दशहरे के नजदीक आने के साथ ही पुतलों की मांग और कारीगरों की व्यस्तता बढ़ गई है।





