डीसीपी जोन-01 ने रीजनल पार्क के पास स्थित बाजार का लिया जायजा
त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए इंदौर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जोन-01 नरेंद्र सिंह रावत ने रीजनल पार्क के पास स्थित राजेंद्र नगर पटाखा मार्केट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसीपी निधि सक्सेना और थाना प्रभारी यशवंत बड़ोले सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
दुकानदारों से फायर एक्सटिंग्विशर चलवाकर परखी कार्यक्षमता
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) की विशेष रूप से जांच की गई। अधिकारियों ने केवल कागजों तक सीमित न रहकर दुकानदारों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से खुद फायर एक्सटिंग्विशर चलवाकर उनकी कार्यशीलता और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी को परखा।
सुरक्षा नियमों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी और निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को शासन द्वारा जारी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) और सुरक्षा के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फायर सेफ्टी या नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और ऐसा पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




