राहुल गांधी पर CM मोहन यादव का तीखा हमला, बोले- ‘ऐसा लगता है पाकिस्तान से आकर राजनीति कर रहे हैं’

इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा के दौरान कांग्रेस पर साधा निशाना

इंदौर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी इस देश के नहीं, बल्कि पाकिस्तान से आकर यहां राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती ताकत का उल्लेख किया।

‘राहुल गांधी की नादानियां सवाल खड़े करती हैं’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सेना सहित हर मुद्दे पर राहुल गांधी की नादानियां सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान देश की उपलब्धियों और उसकी बढ़ती ताकत पर सवाल उठाने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती शक्ति को पूरी दुनिया नमन कर रही है, लेकिन जिनकी आंखों में देखने की क्षमता नहीं है, वे देश की उपलब्धियां कैसे देखेंगे।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और चुनाव आयोग के खिलाफ रैली आयोजित करने का आह्वान किया है।

किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल विभिन्न समाजों, वर्गों, संतों और युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाषण देने का नहीं, बल्कि जनता का अभिनंदन करने का दिन है। किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों की जमीन नीलाम होती थी, जबकि भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने लाड़ली बहना योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि महिलाओं के साथ-साथ विकास के हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ रहा है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने बालाघाट में एक मंत्री के पिता की हत्या और नक्सली घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस जवानों, अधिकारियों और आदिवासियों की जान जाती रही।

भाजपा के चुनाव चिह्न कमल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कितना भी कीचड़ उछाल ले, लेकिन कीचड़ में कमल खिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

लोगों को दिलाई लोकतंत्र की रक्षा की शपथ

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को लोकतंत्र की सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसमें संविधान, कानून के शासन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करने, देश में अराजकता फैलाने वाली साजिशों का विरोध करने, युवा पीढ़ी को सही दिशा देने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प शामिल था।

  • Related Posts

    ग्वालियर में तीन बड़े बिल्डर समूहों को TNCP का नोटिस, 3.843 हेक्टेयर जमीन की विकास अनुमति पर उठे सवाल

    By: Ravindra Singh ग्वालियर के ग्राम केदारपुर में 3.843 हेक्टेयर जमीन पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए दी गई अनुमति विवादों में आ गई है। नगर तथा ग्राम निवेश…

    मुरैना में शादी समारोह के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना अंबा बाईपास स्थित हरविलास पैलेस के बाहर हुई,…