यह पांच बड़ी कंपनियां IPL मीडिया राइट्स की नीलामी में होंगी शामिल

नई दिल्ली। आइपीएल 2022 से पहले बीसीसीआइ ने एक शानदार मूव दिखाया था और दो नई टीमों को इस सीजन में शामिल किया गया। इससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड को 12,000 करोड़ की कमाई हुई थी। अब बीसीसीआइ की नजर आइपीएल की मीडिया राइट्स के जरिए बड़ी कमाई करने पर लगी है। आइपीएल 2023 यानी 16वें सीजन के शुरू होने में अभी लंबा वक्त है, लेकिन अगले साल होने वाले बड़े बदलाव को लेकर ये टूर्नामेंट अभी से चर्चा में बना हुआ है।

दरअसल आइपीएल मीडिया राइट्स के लिए जल्दी ही बोली लगने वाली है और पांच बड़ी कंपनियां इसमें दिलचस्पी दिखा रही है। यही नहीं इस मीडिया राइट्स की नीलामी के जरिए बोर्ड को भारी मुनाफा होने की पूरी उम्मीद है। टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो आइपीएल मीडिया राइट्स को खरीदने में सोनी, जी, डिजनी प्लस हाटस्टार, वायकाम 18 और एमेजन लाइन में खड़ी हैं। ये पांचों मल्टी मीडिया और एंटरटेनमेंट के क्षेत्र की बड़ी कंपनियां हैं और इनके बीच जमकर बोली लगने की पूरी उम्मीद है।

बीसीसीआइ ने आइपीएल मीडिया राइट्स की नीलामी के लिए सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है और 12 जुलाई को इसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक इस नीलामी का परिणाम 24 से 48 घंटे में बताया जा सकता है। बीते सोमवार को इस नीलामी के लिए माक आक्शन भी किया गया था और अब 12 जुलाई को 2023 से लेकर 2027 तक के लिए फाइनल नीलामी की जाएगी। बोर्ड का ये भी कहना है कि इस बार नीलामी नए तरीके से की जाएगी।

आपको बता दें कि पिछली बार बीसीसीआइ को मीडिया राइट्स के जरिए 16,347 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी, लेकिन इस बार अंदाजा लगाया जा रहा है कि बोर्ड के इस बारी की नीलामी के जरिए 35 से 40 हजार करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है जो पिछली बार के मुकाबले लगभग दो गुणा ज्यादा होगा।

  • Related Posts

    लालकिले से महानाट्य मंचन..विक्रमादित्य के पिता की भूमिका निभा चुके सीएम डॉ मोहन यादव!

    महेंद्र विश्वकर्मा तीन दिन मप्र के सीएम डॉ मोहन यादव और उनकी सरकार दिल्ली में डेरा डालेगी..अवसर भी खास और बेहद ऐतिहासिक है..दरअसल मध्यप्रदेश शासन और महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ देश…

    जसप्रीत बुमराह फिट नहीं, भारत&इंग्लैंड वनडे सीरीज के पहले दो मैचों से बाहर

    Jasprit Bumrah: T20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के बाद अब भारत और इंग्लैंड की टीमें वनडे सीरीज में आमने सामने होंगी। सीरीज का पहला मैच 6 फरवरी को नागपुर में…