भव्य महाराणा प्रताप लोक बनेगा साढ़े तीन एकड़ में

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कल मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में प्रदेश राजपूत समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के हृदय स्थल स्मार्ट सिटी क्षेत्र में 28 सितंबर को वीर पराक्रमी महाराणा प्रताप के स्मारक के रूप में विकसित किए जा रहे भव्य महाराणा प्रताप लोक के लिए शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न होगा। यह स्मारक साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके भूमि-पूजन कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने राजपूत समाज के पदाधिकारियों से शिलान्यास कार्यक्रम पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तात्या टोपे नगर स्टेडियम के पास स्मार्ट सिटी के प्लाट क्रमांक 44 में शिलान्यास कार्यक्रम किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक समाज बंधुओं और नागरिकों को आमंत्रित किया जा रहा है। यह भव्य और दिव्य महाराणा प्रताप लोक के रूप में पहचान बनाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए वीरता का प्रेरक और प्रतीक भी होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप ने धर्म और समाज की रक्षा के लिए जो योगदान दिया, उसकी जानकारी युवाओं तक पहुँचेगी।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी इस महाराणा प्रताप लोक के लिए की गई पहल को प्रशंसनीय बताया। इस अवसर पर मंत्रीगण श्री भूपेंद्र सिंह, श्री गोविंद सिंह राजपूत, सुश्री उषा ठाकुर, श्री अरविंद सिंह भदोरिया श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, श्री ओ.पी.एस. भदोरिया, श्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, राज्य स्तरीय दीनदयाल समिति के अध्यक्ष श्री रामपाल सिंह और राजपूत समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    75 लाख रुपये की जल जीवन मिशन योजना पर सवाल, पीपरपानी के ग्रामीण शुद्ध पेयजल को तरसे

    योजना पर खर्च के बावजूद घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नादानबाड़ी के ग्राम पीपरपानी में जल जीवन मिशन की करीब…

    मुरैना में स्कूली वाहनों पर मजिस्ट्रेट चेकिंग, 40 से अधिक वाहन जांचे; 50 हजार रुपये से ज्यादा जुर्माना वसूला

    सुबह 7 बजे वैरियर चौराहे पर शुरू हुई जांच मुरैना में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार सुबह करीब 7…