आंचलिक कार्यालय भोपाल के प्रयासों से ‘निधि आपके निकट’ में सफलता — कर्मचारियों की पेंशन में 20 गुना तक बढ़ोतरी

विवेक झा, भोपाल। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा अपने सदस्यों, पेंशनरों और नियोक्ताओं को सुविधाएं उनके ही क्षेत्र में पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई “निधि आपके निकट” पहल अब उल्लेखनीय परिणाम दे रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक माह की 27 तारीख को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के 88 में से 82 जिलों में ईपीएफओ अधिकारी विभिन्न संस्थानों में जाकर एक दिवसीय समस्या समाधान शिविर आयोजित करते हैं।

इन शिविरों में कर्मचारियों, सदस्यों और पेंशनरों की शिकायतों का निपटारा स्थल पर ही किया जाता है, जबकि जटिल मामलों के दस्तावेज एकत्र कर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत किया जाता है, ताकि उनकी सतत निगरानी और शीघ्र निपटान सुनिश्चित हो सके।

कर्मचारियों की पेंशन 16 से 20 गुना तक बढ़ी

इस योजना के अंतर्गत हाल ही में आंचलिक कार्यालय भोपाल के हस्तक्षेप से कई पेंशनरों को बड़ा लाभ मिला है।
29 सितम्बर को आयोजित गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र के शिविर में, नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NTPC) के कर्मचारियों ने शिकायत की थी कि उच्च वेतन पर पेंशन निर्धारण हेतु उनके आवेदन आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन अभी तक पेंशन में वृद्धि नहीं हुई है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (भोपाल) एवं केन्द्रीय पर्यवेक्षक शिखर शर्मा ने संबंधित कार्यालय को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देशन में त्वरित कार्यवाही करते हुए इन कर्मचारियों की पेंशन का पुनर्निर्धारण किया गया।

इसका परिणाम बेहद सकारात्मक रहा — एनटीपीसी के कर्मचारियों की पेंशन में 16 से 20 गुना तक की वृद्धि दर्ज की गई।

प्रमुख उदाहरण

प्रकरण 1:
पेंशनर इमाम खान, जिन्होंने NTPC दिल्ली कार्यालय में 24 वर्ष सेवा दी थी, की पूर्व पेंशन 3,419 रुपये थी। उच्च वेतन पर पुनर्निर्धारण के बाद अब उनकी पेंशन 34,752 रुपये हो गई — यानी लगभग 10 गुना वृद्धि।

प्रकरण 2:
पेंशनर भरत दुबे, जिन्होंने 21 वर्ष की सेवा की, को पहले 2,527 रुपये मासिक पेंशन प्राप्त होती थी। पुनर्निर्धारण के बाद उनकी पेंशन 41,592 रुपये हो गई — अर्थात् लगभग 16 गुना वृद्धि।

केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर जारी है अभियान

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शिखर शर्मा ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में माननीय केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री द्वारा यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी क्षेत्रीय कार्यालय उच्च वेतन पर पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।

इसी दिशा में आंचलिक कार्यालय भोपाल ने अपने अधीनस्थ सातों क्षेत्रीय कार्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि पात्र कर्मचारियों को संगठन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

निधि आपके निकट: जनता के द्वार पर सेवा

यह पहल न केवल शिकायतों के त्वरित समाधान का माध्यम बनी है, बल्कि इसने ईपीएफओ को आम कर्मचारियों से सीधा जोड़ने वाला सेतु भी बना दिया है। शिविरों में कर्मचारी और पेंशनर अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों के सामने रख सकते हैं और अधिकांश मामलों का समाधान वहीं स्थल पर हो जाता है।

“निधि आपके निकट” के तहत इस तरह की सफलता की कहानियाँ यह प्रमाण हैं कि यदि योजनाओं का कार्यान्वयन पारदर्शी और तत्परता से किया जाए, तो लाभार्थियों को वास्तविक राहत मिल सकती है।
ईपीएफओ का यह प्रयास न केवल कर्मचारियों के आर्थिक सम्मान को बढ़ाता है, बल्कि सरकारी योजनाओं की जमीनी प्रभावशीलता का भी प्रमाण बन रहा है। “निधि आपके निकट” जैसे कार्यक्रम भविष्य निधि संगठन की सदस्य-केन्द्रित कार्यसंस्कृति को सशक्त दिशा दे रहे हैं।

  • Related Posts

    मुरैना में नकली DAP खाद की आशंका पर किसानों का हंगामा, गोदाम बंद कर धरने पर बैठे

    By: Ravindra Singh मुरैना जिले की जीगनी सहकारी समिति में कथित तौर पर नकली DAP खाद मिलने की शिकायत के बाद किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने गोदाम…

    MP Dearness Allowance: कर्मचारियों को मिल रहा 58% महंगाई भत्ता, 2% के अंतर से 7 महीने में 420 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान

    By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में अगली बढ़ोतरी को लेकर इंतजार जारी है। प्रदेश के 4.50 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी फिलहाल 58…