शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। दिनारा थाना क्षेत्र के सहरया गांव में पति से झगड़े के बाद पार्वती नाम की महिला ने कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन वह कुएं से बाहर निकलने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार पति के माफी मांगने की शर्त पर वह बाहर आने के लिए राजी हुई।
महिला को बचाने के लिए ग्रामीणों ने डाले रस्से और चारपाई
जानकारी के अनुसार, पति से विवाद होने के बाद पार्वती ने गुस्से में कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कुएं में रस्सियां और चारपाई डाली। हालांकि, महिला बाहर आने के लिए तैयार नहीं थी।
पति के माफी मांगने पर कुएं से निकली पार्वती
बताया जा रहा है कि पार्वती ने कुएं से बाहर निकलने के लिए पति से माफी मंगवाने की शर्त रखी। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद पति ने माफी मांगी, जिसके बाद पार्वती कुएं से बाहर आने के लिए राजी हो गई। ग्रामीणों की मदद से उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना मामला
इस घटना को लेकर इलाके में चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गीत ‘जब जिद पर अड़ गई पार्वती’ का जिक्र करते हुए लोग इस घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।




