राजस्थान के कोटा में भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दुर्घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भोपाल और बैतूल के मृतकों के परिवारों को मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हादसे में जान गंवाने वाले भोपाल और बैतूल जिले के निवासी लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।





