खरगोन जिले के बड़वाह में इंदौर रोड पर बाघफल के समीप बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष पटेल (23) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झिगड़ी गांव के रहने वाले थे। संतोष अपने मामा और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष घीसाराम गुर्जर के निवास से बड़वाह के एक निजी अस्पताल जा रहे थे, जहां वे नौकरी करते थे।
तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर तोड़ा दम
बुधवार रात करीब 11 बजे जब संतोष अपने वाहन से अस्पताल आ रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उन्हें एंबुलेंस की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार में छाया कोहराम
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार और रिश्तेदारों में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों ने बताया कि संतोष की सगाई हो चुकी थी और दीपावली के ठीक बाद आने वाली देवउठनी ग्यारस के आसपास उनका विवाह होना तय हुआ था। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। ज्ञात हो कि संतोष कम उम्र से ही अपने मामा के यहां रहकर ही जीवन गुजार रहे थे।




