By: Ravindra Singh
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 17 वर्षीय छात्रा के साथ दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी से जा रही छात्रा का कार सवार चार युवकों ने पीछा किया और हॉर्न बजाकर परेशान किया। विष्णु मंदिर के पास स्कूटी में कट मारने का विरोध करने पर युवकों ने छात्रा के साथ मारपीट की और उसकी चोटी पकड़कर पीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
सहेली के घर पढ़ने जा रही थी छात्रा, युवकों ने किया पीछा
जानकारी के अनुसार, छात्रा रविवार शाम अपनी स्कूटी से पुरानी शिवपुरी में रहने वाली सहेली के घर पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की तरफ से आ रही एक कार में सवार चार युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक लगातार हॉर्न बजाकर छात्रा को परेशान कर रहे थे और उस पर अशोभनीय टिप्पणियां भी कर रहे थे। छात्रा जब विष्णु मंदिर के पास पहुंची, तब कार सवार युवकों ने उसकी स्कूटी में कट मार दिया। इस हरकत का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
विरोध करने पर चोटी पकड़कर की मारपीट, लोगों ने एक युवक को पकड़ा
स्कूटी रोककर विरोध जताने के बाद कार में सवार चारों युवक नीचे उतर आए। आरोप है कि उन्होंने छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी चोटी पकड़कर उसे पीटा। इस दौरान छात्रा की सहेली ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी झूमाझटकी की गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि बाकी तीन आरोपी कार लेकर फरार हो गए। पकड़े गए युवक की पहचान पुराना अमोला निवासी बृजेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उसे फिजिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार युवकों और कार की तलाश
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के नाम बृजमोहन गुर्जर, मोनू चंदेल और विक्रम बुंदेला बताए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई कार विक्रम बुंदेला की बताई जा रही है।
फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश राठौड़ के अनुसार, छात्रा की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों और घटना में इस्तेमाल कार की तलाश की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।



