सुबह 7 बजे वैरियर चौराहे पर शुरू हुई जांच
मुरैना में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वैरियर चौराहे पर मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। सीजेएम एके सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान 40 से अधिक स्कूली बसों और अन्य वाहनों को रोककर जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रंग, क्षमता और फिटनेस सहित जरूरी मानकों की पड़ताल
जांच के दौरान स्कूली वाहनों के निर्धारित रंग, सवारी क्षमता, फिटनेस और अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। अलग-अलग वाहनों में कमियां सामने आने पर प्रशासन ने जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। चेकिंग अभियान के चलते नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों में हलचल देखी गई।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जारी रहा अभियान
मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान, ट्रैफिक थाना प्रभारी संतोष भदौरिया और सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। जांच में पकड़े गए वाहनों को रेस्ट हाउस परिसर में रखवाया जा रहा था। खबर लिखे जाने तक चेकिंग अभियान जारी था।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देना है।




