ओडिशा से ट्रक में लाया जा रहा था गांजा, गोसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने की कार्रवाई
जबलपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 871 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में ट्रक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
संदिग्ध ट्रक की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक बड़े वाहन में गांजे की खेप तस्करी कर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम और क्राइम ब्रांच ने गोसलपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक में रखी बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 871 किलोग्राम पाई गई।
पांच दिन की रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान विक्रम, निवासी पश्चिम बंगाल और धर्मवीर, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।




