शराब के नशे में आधे घंटे तक करता रहा हंगामा, सांची रोड पर लगा वाहनों का लंबा जाम
रायसेन में सांची रोड पर स्थानीय पुलिस लाइन के सामने एक पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में बीच सड़क जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मी की हरकतों से वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद उसकी पत्नी और राहगीर उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।
ट्रक के नीचे लेटकर करने लगा अजीब मांग
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, नशे में धुत पुलिसकर्मी सड़क पर एक ट्रक के नीचे लेट गया और ट्रक चालक से अपने ऊपर ट्रक चढ़ाने की मांग करने लगा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग उसे समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास करते रहे। करीब आधे घंटे तक उसका हंगामा जारी रहा।
सड़क पर लगा लंबा जाम, वरिष्ठ अधिकारियों को दी सूचना
पुलिसकर्मी के इस हंगामे के कारण सांची रोड पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।




