कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1364 दवाओं के नए अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) 9 नवंबर 2026 से लागू कर दिए हैं। नई दरों के तहत कई दवाओं की कीमतों में भारी कटौती हुई है। अब कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी तय MRP से अधिक पैसे नहीं वसूल सकेगी। यदि कोई ऐसा करता है तो उपभोक्ता उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
NPPA ने 137 कैंसर दवाओं पर तय की ट्रेड मार्जिन की सीमा
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग के तहत आने वाली नेशनल फार्मास्यूटिकल्स प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर की 137 दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा निर्धारित की है। यह फैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की ओर से 17 अक्टूबर 2026 को गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
नई कीमतें 9 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं। इसके तहत दवा कंपनियों को निर्धारित सीमा के अनुसार संशोधित MRP लागू करनी होगी। इसका उद्देश्य कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं को मरीजों के लिए अधिक किफायती बनाना है।
1364 दवाओं की कीमतों में कटौती, सालाना 3,540 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान
8 नवंबर 2026 तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की नई MRP की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड ऐसे हैं, जिनकी कीमतों में 50 फीसदी से अधिक की कमी की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम कीमत कटौती 96.45 फीसदी तक दर्ज की गई है।
सरकार के इस कदम से उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। इसके अलावा, 10 से 15 ऐसी चिह्नित दवाएं भी हैं, जो अभी भारतीय बाजार में उपलब्ध नहीं हैं। इनके बाजार में आने पर भी ट्रेड मार्जिन रेगुलेशन के तहत कीमतों की सीमा लागू होगी।
40 हजार की दवा अब 2,720 रुपये में, ज्यादा वसूली पर यहां करें शिकायत
नई कीमतों के लागू होने से कैंसर की कई महंगी दवाएं काफी सस्ती हो गई हैं। उदाहरण के तौर पर, RPG लाइफ साइंसेज की ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली ‘पैल्बोप्रो’ (पैल्बोसिक्लिब 125 मिलीग्राम) कैप्सूल की कीमत 40,421.33 रुपये से घटकर 2,720 रुपये हो गई है।
इसी तरह, प्रोस्टेट कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली अरविंकेयर फार्मा की ‘एबिरोन’ (एबिराटेरोन एसीटेट 250 मिलीग्राम) टैबलेट की कीमत 41,250 रुपये से कम होकर 3,218.23 रुपये रह गई है।
दवाओं की कीमत कैसे जांचें और शिकायत कहां करें?
- दवा के पैकेट पर छपी नई MRP जरूर जांचें।
- ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप के जरिए कीमतों की पुष्टि कर सकते हैं।
- NPPA की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर भी दवाओं के निर्धारित दाम देखे जा सकते हैं।
- यदि कोई केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी तय MRP से अधिक रकम वसूलती है, तो ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
- शिकायत के लिए NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
सरकार के इस फैसले से कैंसर के इलाज का आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मरीजों और उनके परिजनों को दवा खरीदते समय बिल लेने और पैकेट पर दर्ज MRP से कीमत का मिलान करने की सलाह दी जाती है।




