झांसी स्टेशन पर यात्री से बदसलूकी करने वाली महिला TTE सस्पेंड, ‘अंगूठाछाप’ कहने का वीडियो वायरल

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक महिला TTE और यात्री के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई की है। यात्री के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में महिला TTE को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रेलवे ने मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।

बैग से टिकट निकालने में हुई देरी, बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ निवासी श्रवण कुमार अपने दो साथियों के साथ 6 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) में सवार हुए थे। तीनों के पास रेलवे काउंटर से खरीदे गए टिकट थे। चार्ट बनने के बाद दो यात्रियों को S-2 कोच में सीट नंबर 39 और तीसरे यात्री को सीट नंबर 47 पर RAC आवंटित हुई थी।

8 नवंबर को ट्रेन के झांसी पहुंचने पर महिला TTE ने यात्रियों से टिकट दिखाने को कहा। श्रवण कुमार के अनुसार, टिकट उनके बैग में रखा था और सामान के बीच से उसे निकालने में कुछ समय लग गया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि महिला TTE उन्हें अपने कार्यालय में ले गईं। यात्री ने रेलवे सिस्टम में उपलब्ध जानकारी से टिकट का सत्यापन करने की बात भी कही, लेकिन विवाद जारी रहा। बाद में बैग से टिकट मिल जाने के बावजूद कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता की गई।

वायरल वीडियो में यात्री को ‘अंगूठाछाप’ कहती सुनाई दीं TTE

विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें महिला TTE यात्री से स्टेशन से चले जाने की बात कहती सुनाई दे रही हैं। जब यात्री लखनऊ जाने और ऑनलाइन टिकट बुक होने की बात करता है, तो महिला TTE उसे ‘अंगूठाछाप’ कहती हैं। वीडियो में वह यात्री की शक्ल से नफरत होने जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी करती भी सुनाई दे रही हैं।

शिकायत के बाद रेलवे ने की कार्रवाई

श्रवण कुमार ने वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए रेलवे अधिकारियों से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद झांसी रेल मंडल प्रशासन ने महिला TTE को निलंबित कर दिया।

रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, यात्रियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार करना रेलवे की प्राथमिकता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। साथ ही टिकट चेकिंग स्टाफ और यात्रियों के संपर्क में रहने वाले अन्य कर्मचारियों की काउंसलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

  • Related Posts

    ग्वालियर में पुलिसकर्मी से भिड़ा शराबी बाइक सवार, ASI को जड़ा थप्पड़; बोला- ‘तुम हमारे नौकर हो’

    ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के दौरान पुलिस और एक बाइक सवार युवक के बीच जमकर विवाद हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे…

    असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन समेत 5 कोच पटरी से उतरे, दो ट्रेनें रोकी गईं

    गुवाहाटी के पास डिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान लोको पायलट नहीं कर सके गति नियंत्रित, रेलवे…

    Leave a Reply