भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पत्रकार सपना की जान चली गई। वह रोज की तरह रैपिडो बाइक से अपने ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे के पास बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
दूसरी बाइक के कट मारने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। सपना रैपिडो बाइक पर सवार होकर दफ्तर जा रही थीं। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को तेजी से कट मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। इसी बीच पीछे से आ रहा तेज रफ्तार डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
नो एंट्री में डंपर के प्रवेश पर उठे सवाल
घटना के बाद भारी वाहनों के नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताई है। सवाल है कि प्रतिबंधित समय में डंपर भदभदा चौराहे तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से बाइक और डंपर चालकों की तलाश
मृतका सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल में रहकर एक निजी न्यूज चैनल के आउटपुट डेस्क पर काम कर रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कट मारने वाले बाइक सवार और डंपर चालक की पहचान की जा सके।




