छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हर्रई थाना क्षेत्र के बायपास स्थित करन पेट्रोल पंप के पास ट्रक और आयशर वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयशर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ललितपुर निवासी ट्रक चालक की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, हादसे में ट्रक चला रहे रविंद्र सिंह कोडर, निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश), की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं आयशर वाहन का चालक और ट्रक में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों वाहनों की भिड़ंत की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।
हर्रई और दूल्हादेव घाटी में लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर हर्रई और दूल्हादेव घाटी के आसपास का इलाका दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। क्षेत्रवासियों ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसी से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




