भोपाल के वैशाली नगर में दूषित पानी की शिकायत से मचा हड़कंप, निगम ने जांचे पानी के नमूने; 3 दिन में लिए 42 सैंपल

By: Ravindra Singh

भोपाल। राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में दूषित पेयजल की शिकायत सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन सतर्क हो गया है। लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निगम की टीम ने इलाके में पानी की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा जलकार्य विभाग के अधिकारियों और जल परीक्षण टीम के साथ वैशाली नगर पहुंचे। यहां उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया और अपनी मौजूदगी में पानी के नमूनों की जांच कराई। मौके पर किए गए शुरुआती परीक्षण में पानी साफ पाया गया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान जलकार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पानी सप्लाई के समय व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पेयजल की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

11 घरों से लिए गए पानी के नमूने, लैब में होगी जांच

नगर निगम की टीम ने वैशाली नगर के अलग-अलग मकानों से पानी के नमूने एकत्रित किए। सोमवार को मकान नंबर 129, 127, 118, 117, 115, 109, 100, 34, 33, 15 और 02 से कुल 11 सैंपल लिए गए। इन नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मौके पर किए गए भौतिक परीक्षण के दौरान पानी स्वच्छ नजर आया। पानी में किसी तरह की दुर्गंध भी नहीं मिली। इसके अलावा जांच में अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) की पर्याप्त मात्रा पाई गई। हालांकि, पानी की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

तीन दिनों में 42 सैंपल जांच के लिए भेजे

वैशाली नगर में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लगातार नमूने एकत्रित कर रहा है। निगम के अनुसार, शनिवार को 15 और रविवार को 16 सैंपल लिए गए थे। सोमवार को 11 और नमूने एकत्रित किए गए।

इस तरह तीन दिनों के भीतर कुल 42 पानी के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। निगम की टीम क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से पानी के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की निगरानी कर रही है।

रहवासियों से लिया फीडबैक, नियमित जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने स्थानीय रहवासियों से सीधे बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों से पूछा कि उन्हें घरों में किस तरह का पानी मिल रहा है और पेयजल आपूर्ति को लेकर कोई परेशानी तो नहीं है। इस दौरान रहवासियों ने स्वच्छ पानी मिलने की बात कही।

अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैशाली नगर में नियमित अंतराल पर पानी के नमूने लिए जाएं और उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाए और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए क्षेत्र में निरीक्षण, सैंपलिंग और पानी की गुणवत्ता की जांच का अभियान जारी रहेगा।

Related Posts

इंदौर में 600 करोड़ की अवैध कॉलोनी के 57 प्लॉट मालिकों को राहत, पूर्व CS मोहंती का नाम भी शामिल

By: Ravindra Singh इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बिचौलीहप्सी तहसील के बड़ियाकीमा इलाके की कथित अवैध कॉलोनी एक बार फिर चर्चा में है। यहां करीब 600 करोड़ रुपये कीमत…

जबलपुर में पहचान छिपाकर महिला से संबंध बनाने का आरोप, शादी के लिए धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

By: Ravindra Singh जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पहचान छिपाकर एक महिला के साथ संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया…

Leave a Reply