By: Ravindra Singh
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में पराली जलाने से रोकने पर पटवारी के साथ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में सेवढ़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंद्र चौहान, दीपेन्द्र चौहान और अभिराज चौहान के रूप में हुई है। मामला सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रिपौली का है।
पराली जलाने से रोकने पर पटवारी के साथ की थी मारपीट
सेवढ़ा थाना क्षेत्र के रिपौली गांव में पराली जलाने से रोकने पर हुआ था विवाद, पटवारी ने शासकीय कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने की दर्ज कराई थी शिकायत।
13 अक्टूबर को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को हल्का पटवारी अभयदिलीप यादव को रिपौली गांव में पराली जलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में समझाते हुए सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इसी दौरान कुछ लोगों ने पटवारी से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गजेंद्र चौहान, दीपेन्द्र चौहान और अभिराज चौहान ने उनके साथ मारपीट की, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने कार्रवाई कर तीनों को पकड़ा
घटना के बाद पटवारी अभयदिलीप यादव ने सेवढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी राजीव बिरथरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।




