By: Ravindra Singh
भोपाल। राजधानी में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने के मामलों पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई जांच और कार्रवाई के दौरान कुल 34 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान अवैध शराब के साथ दो वाहन भी जब्त किए गए। विभाग के मुताबिक, जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार 900 रुपये है।
अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और रेस्टोरेंट-ढाबों में शराब पिलाने के खिलाफ चला विशेष अभियान। कार्रवाई के दौरान जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत 1.50 लाख रुपये से अधिक।
स्कूटर और बाइक से शराब ले जा रहे दो आरोपी पकड़े
पहली कार्रवाई बागसेवनिया इलाके में हुई। यहां आबकारी टीम ने श्रीकांत बावस्कर निवासी हबीबगंज को स्कूटर से शराब ले जाते हुए पकड़ा। उसके पास से देशी मसाला शराब के 200 पाव बरामद किए गए। शराब के साथ स्कूटर (MP 04 WJ 4223) भी जब्त किया गया। दोनों की अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई रंगमहल चौराहे पर की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शेखर लिखार की टीम ने मोटरसाइकिल (MP 04 WD 2269) से देशी प्लेन शराब के 144 पाव ले जा रहे व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। शराब और बाइक की कुल कीमत लगभग 90 हजार 900 रुपये बताई गई है। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
रायसेन रोड के रेस्टोरेंट और ढाबों में देर रात जांच
अभियान के तहत सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने रायसेन रोड स्थित रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया। देर रात हुई इस जांच में पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड 11, आचमन, लक्स और शाहीपिंड सहित कई प्रतिष्ठानों को जांच के दायरे में लिया गया।
यहां अवैध रूप से शराब पीने और परोसने से जुड़े मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 36 ए/बी के तहत 32 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह शराब के अवैध परिवहन और रेस्टोरेंट-ढाबों में नियमों के उल्लंघन को लेकर कुल 34 मामले सामने आए।
कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
आबकारी विभाग का यह विशेष अभियान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर संचालित किया गया। उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर वर्षा उइके ने किया।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। इसके साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के संबंध में जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में संदिग्ध स्थानों पर जांच और छापेमारी का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।




