ग्वालियर में तीन बड़े बिल्डर समूहों को TNCP का नोटिस, 3.843 हेक्टेयर जमीन की विकास अनुमति पर उठे सवाल

By: Ravindra Singh

ग्वालियर के ग्राम केदारपुर में 3.843 हेक्टेयर जमीन पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए दी गई अनुमति विवादों में आ गई है। नगर तथा ग्राम निवेश विभाग (TNCP) ने इस मामले में तीन बिल्डर समूहों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन से जुड़े न्यायालयीन आदेशों की जानकारी छिपाकर विकास की अनुमति हासिल की गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 2012 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

केदारपुर की जमीन पर मिली विकास अनुमति पर विवाद

TNCP के संयुक्त संचालक कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार, ग्राम केदारपुर के विभिन्न सर्वे नंबरों की कुल 3.843 हेक्टेयर भूमि पर 14 फरवरी 2025 को आवासीय भूखंडीय विकास की अनुमति दी गई थी। इस अनुमति में तिरुपति बिल्डर्स के पार्टनर रीतेश गुप्ता और मयंक गर्ग, विनम्र रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर कमला शिवहरे तथा कृष्णा ग्रीन पार्क के पार्टनर राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद चौरसिया और आदित्य गुप्ता शामिल हैं।

इस विकास अनुमति के खिलाफ गीता कॉलोनी निवासी अरविंद अग्रवाल ने 16 नवंबर 2026 को विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने जमीन से जुड़े न्यायालयीन आदेशों और स्वामित्व की स्थिति को लेकर तीन प्रमुख आपत्तियां उठाई हैं।

कोर्ट के स्टे और जमीन के बंटवारे की जानकारी छिपाने का आरोप

शिकायत में पहला आरोप है कि संबंधित जमीन को लेकर मारुतिनंदन एडिफाईस प्राइवेट लिमिटेड ने षष्ठम जिला न्यायाधीश न्यायालय में सिविल वाद क्रमांक 735/2024 दायर किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, अदालत ने 14 अगस्त 2025 को अस्थायी निषेधाज्ञा जारी कर जमीन की बिक्री पर रोक लगाई थी। आरोप है कि विकास अनुमति लेते समय इस आदेश की जानकारी विभाग को नहीं दी गई।

दूसरी आपत्ति हाईकोर्ट के 3 दिसंबर 2024 के आदेश से जुड़ी है। शिकायत के मुताबिक, एमए क्रमांक 4918/2022 में हाईकोर्ट ने जमीन के एक-पांचवें हिस्से की बिक्री और यथास्थिति बनाए रखने से संबंधित आदेश दिया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि संबंधित पक्षों के बीच जमीन का विधिवत बंटवारा नहीं हुआ, इसके बावजूद विक्रय पत्र के आधार पर विकास अनुमति प्राप्त कर ली गई।

इसके अलावा सर्वे क्रमांक 51/7/क की जमीन पर भी न्यायालय का स्थगन आदेश होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस स्थिति के बावजूद जमीन को निर्विवाद स्वामित्व वाली बताकर अनुमति ली गई। इन सभी आरोपों की जांच और संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

सात दिन में जवाब मांगा, नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई

TNCP ने तीनों बिल्डर समूहों को नोटिस के साथ शिकायत की प्रति भेजकर सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है। विभाग के संयुक्त संचालक केएस गवली के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद संबंधित बिल्डरों से जवाब मांगा गया है।

उन्होंने बताया कि नोटिस में दी गई समय सीमा बुधवार को समाप्त हो रही है। यदि तय अवधि में जवाब नहीं मिलता है, तो विभाग नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा। फिलहाल बिल्डर समूहों के जवाब और विभाग की जांच के बाद ही मामले की अगली स्थिति स्पष्ट होगी।

 

Related Posts

मुरैना में शादी समारोह के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना अंबा बाईपास स्थित हरविलास पैलेस के बाहर हुई,…

बालाघाट के सांदीपनि बालिका छात्रावास में दहशत, डर के कारण 35 छात्राओं ने छोड़ा हॉस्टल

By: Ravindra Singh मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के आमगांव स्थित सांदीपनि स्कूल परिसर के बालिका छात्रावास में छात्राओं के बीच डर का माहौल बना हुआ है। छात्राओं का आरोप…

Leave a Reply