इटली से राहुल गांधी का पहला ट्वीट, तीन राज्‍यों के चुनाव पर बोले- फिर से जीतेंगे भरोसा

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने इटली से पहली बार ट्वीट किया है। उन्होंने जनादेश का सम्मान करने और फिर से जनता का भरोसा जीतने की बात कही है। राहुल ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस पार्टी त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय की जनता के आदेश का सम्मान करती है। हमलोग पूरे पूर्वोत्तर में पार्टी को मजबूत करने और फिर से जनता का भरोसा जीतने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। मैं कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की।’ त्रिपुरा और नगालैंड में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, जबकि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद मेघालय की सत्ता पार्टी के हाथ से चली गई। भाजपा ने वाम दल का गढ़ माने जाने वाले त्रिपुरा में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, वहीं नगालैंड में सहयोगी दलों के साथ मिलकर सत्ता में आने की जुगत में है। बता दें कि चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मेघालय के कांग्रेसी मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस को मुकुल संगमा के सहारे मेघालय में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद थी।

सहयोगी दलों के सहारे भाजपा का सत्ता पर कब्जा: मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कॉनरेड संगमा को सरकार बनाने का न्योता दिया है। एनपीपी केंद्र के साथ मणिपुर में भी भाजपा की सहयोगी पार्टी है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 31 विधयकों की जरूरत है। दस साल से सत्ता में रही कांग्रेस 21 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी थी। वहीं, कॉनरेड संगमा ने राज्यपाल को 34 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था। इनमें एनपीपी के 19, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के छह, पीपुल्स फ्रंट के चार, भाजपा और हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के दो-दो और एक निर्दलीय विधायक हैं। बता दें कि कॉनरेड संगमा लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष पीए संगमा के सबसे छोटे बेटे हैं। राहुल गांधी ने मेघालय में कई चुनावी रैलियां की थीं। वहीं, भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी चुनाव प्रचार किया था। भाजपा पूर्वोत्तर में लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रही है। वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी को इसका फायदा मिल सकता है।

  • Related Posts

    जिले में शांति समिति की बैठक 9 मार्च को, होली और रमजान पर सौहार्द बनाए रखने पर होगा मंथन

    जिले में शांति समिति की बैठक 9 मार्च को, होली और रमजान पर सौहार्द बनाए रखने पर होगा मंथन प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से निर्धारित तिथि व समय पर…

    छत्तीसगढ़ में रात और सुबह के समय बड़ी ठंड

    रायपुर छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव का दौर जारी है। रात और सुबह के समय ठंड, तो दिन भर गर्मी लग रही है। नमी हवाओं की वजह से…