सीएम शिवराज सिंह : CRPF जवान की मदद का किया एलान

मुरैना। 2014 में छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले में बुरी तरह घायल हुये सीआरपीएफ जवान मनोज तोमर के इलाज के लिए मुरैना कलेक्टर ने दस लाख रुपये की अनुशंसा की है। सीएम शिवराज सिंह चौहान के दखल के बाद मनोज तोमर को ये मदद दी गयी। सीएम ने घोषणा की है कि मनोज तोमर की हर संभव मदद की जाएगी।

बता दें कि मुरैना के तरसमा गांव के रहने वाले चंबल के लाल मनोज तोमर 2014 में सुकमा के तोंगपाल थाने में तैनात थे। इसी दौरान वहां हुये भयानक नक्सली हमले में तोमर बुरी तरह घायल हो गये थे। करीब ढाई सौ से तीन सौ नक्सलियों द्वारा किये गये इस हमले में पुलिस और सीआरपीएफ के कुल मिलाकर 17 जवान शहीद हो गए थे। हमले में घायल मनोज का इलाज तो हुआ, लेकिन उनकी आंतें बाहर आ गई थीं, जिन्हें वे पोटली में बांधकर पैंट से लटका लेते थे। आंतों के ऑपरेशन के लिए भारी राशि की जरूरत थी।

अपने जज्बे से नक्सलियों के भयंकर हमले को मात देने वाला ये जवान दुश्मन की गोली से तो नहीं हारा, लेकिन सिस्टम ने मनोज के किये का ऐसा सिला दिया कि वो अपने इलाज के लिए चार साल से भटक रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी हुई। हालांकि, गृहमंत्री से भी उसे आश्वासन के सिवा कुछ भी हासिल नहीं हुआ।

फिलहाल उम्मीद की जा सकती है कि सीएम शिवराज सिंह की घोषणा से मनोज तोमर के दिन सुधरेंगे। सीएम ने घोषणा की है कि मनोज के इलाज में जो कुछ भी खर्च आयेगा वो सरकार वहन करेगी।

  • Related Posts

    मंत्री विश्वास सारंग ने किया करोड़ों की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन

    भोपाल सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 78, विश्वकर्मा नगर में 23 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाली…

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल प्रदाय से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

    भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को पेयजल संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण और प्रतिदिन मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये हैं। इस क्रम में…