कांग्रेस मुख्यमंत्री का दावेदार तय नहीं कर पाई एक से नमस्ते करो, 25 खड़े हो जाते हैं: शिवराज

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कंफ्यूज हैं। उनकी पूरी पार्टी कंफ्यूज है। वे अब तक तय नहीं कर पाए कि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का दावेदार कौन होगा। अगर कांग्रेस के सभी नेता एक साथ हों और किसी एक से मुख्यमंत्री कहते हुए नमस्ते करो तो 25 खड़े हो जाते हैं मुख्यमंत्री बनने। इन कंफ्यूजों को फिर भी गुस्सा आता है, क्योंकि शिवराज सिंह चौहान किसानों, गरीबों व मजदूरों का साथ देता है। यह बात रविवार को श्योपुर शहर के मेला मैदान के रंगमंच पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहीं। वे भाजपा प्रत्याशी दुर्गालाल विजय के समर्थन में सभा ले रहे थे।

रविवार की दोपहर 3.40 बजे श्योपुर आए मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह और उनकी सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में 3 घंटे बिजली मिलती थी, जिसमें चिमनी की तरह बल्ब जलते थे। अब हालात अलग हैं, 24 घंटे बिजली दी जा रही है। सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत कर सरकार ने किसानों को पानी उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही बदहाल सड़कों को न सिर्फ दुरुस्त कराया, बल्कि राजमार्ग व राष्ट्रीय मार्ग में बदला। कांग्रेस ने 70 साल में से 54 साल राज किया, जो काम वह 54 सालों में नहीं कर सके, उन कामों को हमने 15 सालों में पूरा किया। गरीबों को पक्के आवास, बिजली के लिए संबल योजना लाकर बिल माफ, शिक्षा में स्कॉलरशिप, स्मार्ट फोन और अब हम बालिकाओं को 75 फीसदी अंक लाने पर स्कूटी बांटेंगे। इन सब कामों पर कांग्रेस को गुस्सा आता है। यह गुस्सा सत्ता में न होने के कारण आता है। उन्हें सपने में कुर्सी नजर आती है, जिस पर मैं बैठा हुआ हूं।

कांग्रेस काे गुस्सा आता है… वाले विज्ञापन पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गिनाईं अपनी सरकार की योजनाएं

मंच से सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

सीएम का कटाक्ष- ग्वालियर में जाओ तो सिंधिया सरकार, छिंदवाड़ा जाओ तो कमलनाथ मुख्यमंत्री

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस में मुख्यमंत्री का दावेदार नेताओं को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि ग्वालियर अंचल में आओ तो कहते हैं सिंधिया सरकार, छिंदवाड़ा जाओ तो कहते हैं काहे का सिंधिया, इस बार कमलनाथ मुख्यमंत्री। झाबुआ जाओ तो भूरिया का नाम आ जाता है। यहीं हालात भोपाल में भी है, यहां कहते हैं पचौरी। ऐसे ही अजय सिंह और दिग्विजय सिंह का भी नाम उनके इलाकों में मुख्यमंत्री के लिए लिया जा रहा है। यह पार्टी खुद कंफ्यूज है और बेचारी जनता को भी कंफ्यूज करने में लगी है। उन्होंने कहा कि इन्हें मुझे देखकर गुस्सा तो आता ही है साथ ही नींद भी नहीं आती। उन्होंने गाना गाते हुए कहा- मुझे नींद न आए, मुझे चैन न आए, कैसे मुख्यमंत्री बन जाए…

कराहल में सीएम बोले- सीताराम को तीसरी बार दिया है टिकट, लाज रखना…

श्योपुर के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कराहल में सभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने धान व गेहूं के रेट बढ़ाने सहित 20 गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देने की बात कही। इसके साथ ही जनता से भाजपा प्रत्याशी सीताराम के लिए वोट मांगें। सीएम ने यह भी कहा कि तीसरी बार टिकट दिया है, इस बार लाज रखना। यही बात सीताराम ने भी अपने भाषण में कही।

कराहल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्य धाकड़

कराहल में हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को झटका दिया। यहां से कांग्रेस पार्टी से टिकट न मिलने के कारण नाराज चल रहे जिला पंचायत सदस्य परीक्षित धाकड़ अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ ही कांग्रेस के नेता रुग्गा आदिवासी ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं आम आदमी पार्टी के विनोद शर्मा भी भाजपा में सीएम के समक्ष शामिल हुए।

नपा अध्यक्ष भाजपा में आए मंच से गायब रहे कई नेता

मुख्यमंत्री की सभा में एक ओर मंच से भाजपा के कई नेता गायब रहे, वहीं भाजपा में बगावत कर नगर पालिका चुनाव लड़ने के साथ ही निर्दलीय नपा अध्यक्ष बने दौलतराम गुप्ता ने पार्टी में वापसी की। इनके साथ ही पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष शशांक भूषण सहित अन्य ने भी पार्टी में शामिल हो गए। वहीं टिकट की दौड़ में शामिल रहे भाजपा नेता मूलचंद रावत, कैलाशनारायण गुप्ता, महावीर सिंह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

विधायक की घोषणा- यह मेरा आखिरी चुनाव, आप देना साथ

मुख्यमंत्री से पहले आमसभा को विधायक व भाजपा प्रत्याशी दुर्गालाल विजय ने संबोधित किया। उन्होंने मंच से घोषणा की कि यह उनका आखिरी चुनाव होगा। मुख्यमंत्री के सामने की गई इस घोषणा पर सभी अचंभित रह गए। उन्होंने कहा कि यह उनका आखिरी चुनाव है और उन्हें भरपूर समर्थन दें।

  • Related Posts

    मोहन यादव ने मऊगंज में हुई घटना पर दुख जताते हुए हमलावरों पर सख्त से सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

    मऊगंज मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में शनिवार को दो गुटों में हो रहे विवाद को रोकने पहुंची पुलिस पर हमला हो गया था। इसमें एक एएसआई की मौत हो…

    जमीन विवाद मामले में टीकमगढ़ के पलेरा थाना क्षेत्र के करोला गांव में पीट&पीटकर दंपती की हत्या

    टीकमगढ़ टीकमगढ़ के पलेरा थाना क्षेत्र के करोला गांव में पीट-पीटकर दंपती की हत्या की वारदात सामने आई है। सूचना मिलने पर एसपी मनोहर सिंह मंडलोई और एफएसएल टीम मौके…