मार्च में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 10 प्रतिशत घटी

यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री मार्च में 10 प्रतिशत घटकर 2,42,708 इकाई रह गयी है। पिछले साल मार्च में देश में 2,69,176 यात्री वाहन बिके थे। यात्री वाहनों में कारें, उपयोगी वाहन और वैन आते हैं। वाहन डीलरों के संगठन ‘फाडा’ द्वारा बुधवार को जारी आँकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी की तुलना में मार्च में यात्री वाहनों की बिक्री पाँच प्रतिशत बढ़ी है, लेकिन साल-दर-साल आधार पर इसमें 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी है।

इससे पहले वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा सोमवार को जारी आँकड़ों के अनुसार, मार्च में इनकी थोक बिक्री भी 2.96 प्रतिशत घटकर 2,91,806 इकाई रह गयी। फाडा ने बताया कि पिछले साल मार्च की तुलना में गत मार्च में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 12 प्रतिशत घटकर 61,896 पर आ गयी। तिपहिया वाहनों की बिक्री में छह फीसदी और दुपहिया वाहनों की बिक्री में सात फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी और इनका आँकड़ा क्रमश: 53,229 इकाई और 13,24,823 इकाई रहा।

फाडा के अध्यक्ष आशीष हर्षराज काले ने बताया कि पिछले साल मार्च में वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया था। इसलिए इस साल बेस अफेक्ट के कारण मार्च का आँकड़ा एक साल पहले की तुलना में कमजोर है। अन्यथा इस साल फरवरी के मुकाबले बिक्री बढ़ी है। उन्होंने बताया कि अगले साल से बीएस-6 मानक योग्य इंजन की अनिवार्यता और अन्य नियामकीय बदलावों को देखते हुये कंपनियों ने उत्पादन घटाकर डीलरों की इनवेंटरी कम करने का अच्छा फैसला लिया है। मार्च में यात्री वाहनों और वाणिज्यिक वाहनों की औसत इनवेंटरी 40 से 45 दिन की रह गयी है जबकि दुपहिया वाहनों की इनवेंटरी 45 से 50 दिन की बीच की है।

काले ने बताया कि मानसून से पहले चुनावों के दौरान अगले चार से छह सप्ताह तक बिक्री मौजूदा स्तर पर स्थिर रहने का अनुमान है। यदि केंद्र में स्थिर सरकार बनती है और मानसून अच्छा रहता है तो आने वाले समय में बिक्री में उछाल आने की उम्मीद है।

  • Related Posts

    मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सीएम मोहन यादव ने शुरू किया विकास अभियान

    बालाघाट के चार विकासखंडों में गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी, ग्रामीणों से सुझाव लेकर तैयार होगी विकास की कार्ययोजना भोपाल। मध्य प्रदेश में नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आए क्षेत्रों को…

    शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का निधन, जैत गांव में दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

    भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस, साकेत नगर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर ले जाया जाएगा पैतृक गांव भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता…